मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सेंधवा दौरे पर, कलालदा में शरद पूर्णिमा उत्सव और अजगरिया में नशामुक्ति महाअभियान में होंगे शामिल
गायत्री धाम जामली में विद्यार्थियों और गायत्री परिवार से करेंगे संवाद, सेंधवा में भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात; अजगरिया में जनविश्वास शिविर भी लगेगा

रमन बोरखड़े। जनोदय पंच। मुख्यमंत्री का 25 अक्टूबर को सेंधवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कलालदा और अजगरिया में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने का कार्यक्रम है। दौरे के दौरान शरद पूर्णिमा उत्सव, नशामुक्ति महाअभियान और जनविश्वास शिविर आयोजित होंगे। प्रशासन ने सुरक्षा और कार्यक्रमों की तैयारियां की हैं।
कलालदा के गायत्री धाम में शरद पूर्णिमा उत्सव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार, 25 अक्टूबर को इंदौर से बड़वानी जिले के सेंधवा विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे शाम 4:55 बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से शाम 5:05 बजे हेलीकॉप्टर से ग्राम कलालदा के लिए रवाना होंगे और शाम 5:35 बजे वहां स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे।


मुख्यमंत्री कलालदा के गायत्री धाम जामली में आयोजित शरद पूर्णिमा उत्सव में शामिल होंगे। इस दौरान वे विद्यार्थियों और गायत्री परिवार के सदस्यों से संवाद करेंगे। इसके साथ ही आदिवासी लोकनाट्य और गोशाला का अवलोकन भी करेंगे। रात 8:15 से 8:30 बजे तक शरद उत्सव में शामिल होने के बाद वे सेंधवा के लिए रवाना होंगे।
सेंधवा में भाजपा कार्यकर्ताओं से करेंगे मुलाकात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रात 8:30 बजे गायत्री धाम, कलालदा से कार द्वारा सेंधवा स्थित शगुन मैरिज गार्डन के लिए रवाना होंगे। वे रात 8:40 बजे वहां पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे और भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद रात 9:30 बजे ग्राम अजगरिया, तहसील वरला के लिए प्रस्थान करेंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारियों को लेकर शनिवार शाम नगर पालिका अध्यक्ष के जनसंपर्क कार्यालय में भाजपा नगर मंडल की बैठक हुई। इसमें भाजपा प्रदेश महामंत्री सुमेरसिंह सोलंकी और जिला अध्यक्ष अजय यादव मौजूद रहे। बैठक में स्वागत व्यवस्था, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और कार्यक्रम के सुचारु संचालन पर चर्चा की गई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से स्वागत कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

अजगरिया में नशामुक्ति महाअभियान और जनविश्वास शिविर
मुख्यमंत्री रात 10:45 बजे ग्राम अजगरिया पहुंचकर शिवपंथ सत्संग और नशामुक्ति महाअभियान से जुड़े स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वे नशामुक्ति का संदेश देंगे। बड़वानी कलेक्टर जयति सिंह ने बताया कि अजगरिया में जनविश्वास शिविर भी लगाया जाएगा। शिविर में स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए जाएंगे।
पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां की हैं। डीआईजी निमाड़ रेंज सिमाला प्रसाद की मौजूदगी में सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों को सुरक्षा संबंधी ब्रीफिंग भी दी गई।
कलालदा में करेंगे रात्रि विश्राम
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रात 11:30 बजे ग्राम अजगरिया से रवाना होंगे। वे 26 अक्टूबर की रात 12:30 बजे ग्राम कलालदा स्थित गायत्री धाम पहुंचेंगे, जहां रात्रि विश्राम करेंगे।



