खरगोन-बड़वानी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक को किया संबोधित

बोले—मोदी सरकार ने जो कहा, वह पूरा किया; धारा 370 हटाने से लेकर श्रीराम मंदिर तक लिए ऐतिहासिक निर्णय

सेंधवा:- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सेंधवा प्रवास के दौरान रविवार रात्रि 9 बजे एक निजी होटल में भाजपा जिला कार्यसमिति एवं प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित किया। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष अजय यादव ने की। मुख्यमंत्री ने केंद्र की मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कांग्रेस पर तीखे राजनीतिक हमले किए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जो कहा, उसे पूरा करके दिखाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने कई ऐतिहासिक निर्णयों को साकार होते देखा है।

जिला मीडिया प्रभारी सुनील भावसार ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सेंधवा विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने पार्टी की जिला कार्यसमिति एवं प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक विषयों और सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा की।

धारा 370 हटाना और आतंकवाद पर कार्रवाई ऐतिहासिक कदम:-

मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि हमने जो कहा वो पूरा किया। मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने सब कुछ पूरा किया। डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जिस प्रश्न को उठाया था, धारा 370 को समाप्त करने का गौरव मोदी जी ने देश को दिया, जिसके कारण कश्मीर और पूरा देश आतंकवाद से मुक्त हुआ, पूरा देश नक्सलवादियों से मुक्त हुआ।
पूरा देश एक खानदान से भी मुक्त हुआ, ये भी बड़ी बात है। जिनको लगता था कि हम और हमारे बाप-दादा के अलावा न तो कोई परियोजना चलेगी न कोई सरकार चलेगी, वैसे सारे लोगों को जो लगता था कि हम सरकारी भी हैं और असरकारी भी हैं, हमने कहा कि आप न सरकारी हो न असरकारी हो, आप केवल दरबारी हो।
उन्होंने कहा कि आजादी के पहले देश के बंटवारे का अगर पाप किसी के माथे है तो पंडित जवाहरलाल नेहरू के माथे है। 1962 में चीन के साथ युद्ध के समय लाखो किलोमीटर जमीन देने का पाप अगर किसी के सिर पर है तो कांग्रेस के सिर पर है।
कांग्रेस के सिर पर लोकतंत्र को खत्म करने का पाप है, प्रजातंत्र के लिए सबसे बड़ा पाप ’75 में आपातकाल लगाकर किया। उसके पहले इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्णय को न मानने का पाप भी कांग्रेस का है।

श्रीराम मंदिर बनाने का काम हमारी सरकार ने किया, कांग्रेस ने डाले रोड़े:-

श्रीराम मंदिर पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के मंदिर पर कांग्रेस ने शपथ पत्र दिए। कांग्रेस के राष्ट्रीय महामंत्री, कांग्रेस के अध्यक्ष बेशर्मी से बोलते थे – कहाँ के राम, कहाँ पैदा हुए, किसने देखा। भगवान राम पर सुप्रीम कोर्ट में अड़ंगे लगाए, हाईकोर्ट में अड़ंगे लगाए और भगवान राम की जय-जयकार करते कारसेवकों ने अगर अपना बलिदान दिया तो इन्होंने हमारी चुनी हुई सरकार को गिराने का पाप किया। सुंदरलाल पटवा सहित कल्याण सिंह की सरकार को गिराने का पाप इनके सिर पर रहा है।

कांग्रेस ने आदिवासी समाज के साथ किया छलावा

आगे उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले देखा होगा, देश में अराजकता लाना चाहते हैं, कोई बर्दाश्त नहीं करेगा। आदिवासी, SC-ST की बात करने वाले लोगों ने कभी आदिवासी को राष्ट्रपति नहीं बनने दिया, ये पाप भी कांग्रेस के सिर पर है।
तुष्टिकरण पर कांग्रेस को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि हमारे सभी भाइयों-बहनों को आपस में लड़ाने का, हिंदू समाज में फूट डालने का, तुष्टिकरण की राजनीति करने का जिस प्रकार के षड्यंत्र इन्होंने किए हैं, जनता सब जान रही है। धीरे-धीरे करके अस्सी परसेंट से ज्यादा देश से इनकी जड़ें उखड़ गईं।
उन्होंने कहा कि आज इनके राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भी मोदी जी के पिताजी को गाली दी है। जनता और कार्यकर्ता इसका हिसाब चुकता करेंगे। मैं कठोर शब्दों में इसकी निंदा करता हूँ। मैं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी से अपील करता हूँ, वो तुरंत माफी मांगें। मोदी जी के माता-पिता जो दिवंगत हैं, हमारी संस्कृति में इस बात की कतई छूट नहीं दी जा सकती।

किसान कल्याण वर्ष पर बोले मुख्यमंत्री –

दीपावली के पावन पर्व पर हमारी सरकार ने एक बड़ा अभियान लिया है। ये किसान कल्याण वर्ष है, दूध का उत्पादन बढ़ाने के लिए, गोपालन-पशुपालन बढ़ाने के लिए हमने गांव-गांव तक समितियां बनाने का अभियान लिया है।
गांव के किसानों के लिए आजादी के बाद देश में पहली बार मध्य प्रदेश में हो रहा है – अधिकार के आधार पर जिनका गांव में मकान है, वो एक लाख, दो लाख, पचास लाख, एक करोड़ का भी है, फ्री में रजिस्ट्री कराने का काम हमारी सरकार के माध्यम से हो रहा है।

कार्यक्रम से पहले सभी पदाधिकारियों ने पुष्पहार व स्मृति चिन्ह देकर मुख्यमंत्री श्री यादव का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री भागीरथ कुशवाह ने किया व आभार सचिन चौहान ने व्यक्त किया।

यह रहे मंचासीन:-

इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी, प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, निमाड़ संभाग प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, जिला संगठन प्रभारी बाबूलाल यादव, जिला अध्यक्ष अजय यादव, पानसेमल विधायक श्याम बरडे, पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेम सिंह पटेल, पूर्व सांसद सुभाष पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष बसंती बाई यादव, महामंत्री द्वय भागीरथ कुशवाह व सचिन चौहान मंचासीन थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!