ओंकारेश्वर में स्नान के दौरान महाराष्ट्र के दंपति की मौत, नर्मदा में बहे दोनों के शव अलग-अलग स्थानों पर मिले
पुणे से ओंकारेश्वर पहुंचे थे पति-पत्नी, 7 नवंबर से थे लापता, एक शव मांधाता थाना क्षेत्र में, दूसरा बड़वाह थाना क्षेत्र में मिला

खंडवा। मुश्ताक मंसूरी। ओंकारेश्वर नर्मदा तट स्थित ओंकारेश्वर में पुणे से आए एक दंपति की स्नान के दौरान डूबने से मौत हो गई। पति का शव मांधाता थाना क्षेत्र में जबकि पत्नी का शव बड़वाह थाना क्षेत्र में मिला। घटना से तीर्थनगरी में शोक का माहौल है।
पहचान पुणे निवासी दंपति के रूप में हुई
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को ओंकारेश्वर वन क्षेत्र के कोठावा आश्रम के पास नर्मदा किनारे एक महिला का शव मिला था। मृतका की पहचान नहीं हो पाई थी, जिसके बाद पुलिस लगातार शिनाख्त का प्रयास कर रही थी। सोमवार को मृतका की पहचान सुनंदा मैडम (46), निवासी पुणे के रूप में हुई। वहीं, उनके पति प्रवीण मैडम का शव रविवार को ओंकारेश्वर क्षेत्र में मिला था। दोनों पति-पत्नी 6 नवंबर को पुणे से ओंकारेश्वर के लिए निकले थे। सुनंदा नर्मदा परिक्रमा के लिए आई थीं, जबकि प्रवीण उन्हें छोड़ने आए थे।
संभावित रूप से नहाने के दौरान हुआ हादसा
जांच के अनुसार, दोनों 7 नवंबर को ओंकारेश्वर पहुंच गए थे, लेकिन उसी दिन से उनका मोबाइल बंद आ रहा था। अनुमान है कि गोमुख घाट पर अलसुबह अंधेरे में नहाने के दौरान यह हादसा हुआ। प्रवीण के शव पर केवल अंतर्वस्त्र मिले, जिससे यह स्पष्ट होता है कि स्नान के समय दोनों नर्मदा में उतरे थे। आशंका है कि एक के डूबने पर दूसरे ने बचाने की कोशिश की, जिसके चलते दोनों की जान चली गई। तेज बहाव के कारण सुनंदा का शव कोठावा आश्रम क्षेत्र तक बहकर पहुंचा, जबकि प्रवीण का शव पत्थरों के बीच फंसा मिला।
रिश्तेदारों ने फोटो से की पहचान, दोनों थानों की जांच जारी
मृतका के साले सुखराज बग्गा सोमवार सुबह ओंकारेश्वर पहुंचे और शवों की शिनाख्त की। उन्होंने बताया कि सुनंदा और प्रवीण पुणे में कॉस्मेटिक की दुकान चलाते थे। सुनंदा महाराष्ट्र के एक ग्रुप के साथ परिक्रमा पर निकलने वाली थीं, लेकिन संपर्क न होने पर रिश्तेदारों ने चिंता जताई। सोशल मीडिया पर खबर देखकर वे ओंकारेश्वर पहुंचे और दोनों शवों की पहचान की।
सुनंदा के शव का पोस्टमार्टम बड़वाह में कर अंतिम संस्कार की कार्रवाई की गई। प्रवीण के शव की पहचान के बाद परिजनों को सूचना दी गई है। दंपति की 19 वर्षीय बेटी वर्तमान में खराड़, महाराष्ट्र में कॉलेज में अध्ययनरत है। उसे अभी घटना की जानकारी नहीं दी गई है। इस मामले में मांधाता और बड़वाह थाना पुलिस संयुक्त रूप से जांच कर रही है।



