ओझर; गणेश चतुर्थी एवं अनंत चतुर्दशी पर्व के दृष्टिगत थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारी ने ली आयोजकों की शांति समिति की बैठक; दिए आवश्यक सुरक्षा निर्देश

ओझर/नागलवाड़ी: आगामी श्री गणेश चतुर्थी एवं अनंत चतुर्दशी पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने हेतु पुलिस चौकी ओझर थाना नागलवाड़ी परिसर में थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारी ओझर द्वारा गणेश उत्सव समितियों के आयोजकों एवं प्रबुद्ध नागरिकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में आगामी त्योहारों के दौरान कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु आयोजकों को निम्नलिखित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए:
* मूर्ति स्थापना का समय एवं मार्ग: गणेश जी की प्रतिमा लाने एवं स्थापना के लिए पूर्व निर्धारित एवं स्वीकृत रूट का ही पालन किया जाए। स्थापना समय सीमा के भीतर व व्यवस्थित तरीके से की जाए।
* लाइट एवं विद्युत सुरक्षा: पंडालों में विद्युत सज्जा एवं लाइट फिटिंग की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दें। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए गुणवत्तापूर्ण तारों का उपयोग करें एवं अग्निशमन के प्राथमिक उपाय (जैसे रेत/पानी की बाल्टी) रखें।
* रात्रिकालीन वॉलिंटियर्स की तैनाती: प्रत्येक गणेश पांडाल में रात्रि के समय सुरक्षा एवं देखरेख हेतु वॉलिंटियर्स की सूची पुलिस चौकी/थाने में जमा करें। वॉलिंटियर्स को पहचान पत्र अथवा बैच अनिवार्य रूप से दिए जाएं।
* विसर्जन स्थल एवं समय का निर्धारण: अनंत चतुर्दशी पर प्रतिमा विसर्जन हेतु निर्धारित विसर्जन स्थलों एवं निश्चित समय सारणी का पूरी तरह पालन करें, ताकि जुलूस एवं विसर्जन के समय यातायात या सुरक्षा संबंधी कोई बाधा न आए।

* डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्र: शासन एवं माननीय न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही निर्धारित डेसिबल में ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग करें।
बैठक के अंत में पुलिस प्रशासन द्वारा सभी आयोजकों से त्योहारों को आपसी भाईचारे, उत्साह और नियमों का पालन करते हुए मनाने की अपील की गई। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की सूचना तत्काल पुलिस को देने हेतु निर्देशित किया गया।

