सेंधवा में मुस्लिम समुदाय के साथ पुलिस का जनसंवाद, साइबर सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर चर्चा
मौलाना आजाद चौक में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में साइबर अपराध, यातायात नियम, महिला सुरक्षा और सीसीटीवी कैमरों पर दी गई जानकारी

जनोदय पंच। सेंधवा शहर पुलिस ने मौलाना आजाद चौक में मुस्लिम समुदाय और स्थानीय नागरिकों के साथ जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा, यातायात नियम, महिला सुरक्षा तथा सीसीटीवी कैमरे लगाने के महत्व पर जागरूकता फैलाते हुए नागरिकों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई।
सुरक्षा और जागरूकता को लेकर हुआ जनसंवाद
पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर एवं एसडीओपी अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में 29 मई 2026 की रात्रि को थाना सेंधवा शहर पुलिस द्वारा वार्ड क्रमांक 11 स्थित मौलाना आजाद चौक में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। थाना प्रभारी दिनेश सिंह कुशवाह एवं पुलिस टीम ने मुस्लिम समुदाय के प्रबुद्धजनों और स्थानीय नागरिकों के साथ विभिन्न समसामयिक एवं सुरक्षा संबंधी विषयों पर चर्चा की। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा का भाव विकसित करना और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना था।

साइबर फ्रॉड, यातायात और महिला सुरक्षा पर दी जानकारी
कार्यक्रम में नागरिकों को बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताते हुए ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी तथा अन्य गोपनीय विवरण किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई। साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई। सड़क सुरक्षा के तहत हेलमेट का उपयोग, तेज गति से वाहन नहीं चलाने तथा मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग नहीं करने की समझाइश दी गई। साथ ही महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर सजग रहने तथा किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।
सीसीटीवी कैमरों पर जोर, नागरिकों ने दिया सहयोग का भरोसा
पुलिस टीम ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी के लिए चौक-चौराहों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के महत्व की जानकारी दी। कार्यक्रम में रईश बाबा, सईद भुट्टो, इकबाल शाह, परवेज शेख, कादर खत्री, मुनाफ कच्छी, जाहिद हाजी और जाकिर खत्री सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। समुदाय के वरिष्ठजनों ने पुलिस की पहल की सराहना करते हुए क्षेत्र में शांति, सौहार्द और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।



