मुख्य खबरेखरगोन-बड़वानी

बड़वानी के सालखेड़ा में सिर्वी समाज की संयुक्त बैठक, शिक्षा सहायता कोष और हॉस्टल निर्माण पर जोर

सालखेड़ा में तीनों तहसीलों की संयुक्त बैठक में शिक्षा सहायता कोष, प्रतिभा सम्मान और इंदौर हॉस्टल निर्माण पर हुई चर्चा

जनोदय पंच। बड़वानी जिले के ग्राम सालखेड़ा में सिर्वी समाज की संयुक्त बैठक प्रांतीय पदाधिकारियों के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। बैठक में शिक्षा सहायता कोष, इंदौर हॉस्टल निर्माण, प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम तथा महिला संगठन के विस्तार सहित समाज के विभिन्न विकासात्मक विषयों पर चर्चा की गई।

शिक्षा सहायता कोष और समाज के विकास पर चर्चा

सिर्वी समाज जिला संगठन बड़वानी की तीनों तहसीलों की संयुक्त बैठक ग्राम सालखेड़ा में अखिल भारतीय सिर्वी महासभा मध्यप्रदेश के प्रांतीय अध्यक्ष कांतिलाल गेहलोत के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुई। बैठक में केंद्रीय समिति के वरिष्ठ सदस्य रामलालजी मुकाती, मनोहरलालजी मुकाती, प्रांतीय शिक्षा सचिव नरेन्द्र सिर्वी, प्रांतीय महिला संगठन अध्यक्ष ललिताजी पंवार, वरिष्ठ समाजसेवी कालुरामजी लछेटा, प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेशजी चौधरी, प्रांतीय युवा अध्यक्ष लखन काग तथा जिलाध्यक्ष हीरालाल देवड़ा उपस्थित रहे। कांतिलाल गेहलोत ने कहा कि शिक्षा एवं सहायता कोष में 200 रुपये प्रति परिवार के सहयोग से आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा में सहायता मिलेगी। उन्होंने इंदौर हॉस्टल निर्माण के लिए महासभा की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

प्रतिभा सम्मान और हॉस्टल निर्माण पर बनी सहमति

प्रांतीय युवा अध्यक्ष लखन काग ने शिक्षा को समाज की प्रगति का आधार बताया। प्रांतीय शिक्षा सचिव नरेन्द्र सिर्वी ने कहा कि 14 जून को कुक्षी में आयोजित प्रांतीय सिर्वी प्रतिभा सम्मान समारोह से बच्चों को प्रेरणा मिलेगी। महिला संगठन अध्यक्ष ललिताजी पंवार ने शिक्षा और समाज सशक्तिकरण में महिलाओं की सक्रिय भूमिका पर बल दिया। बैठक में अंजड़, राजपुर और बड़वानी तहसीलों के प्रतिनिधियों ने इंदौर में समाज की भूमि पर शीघ्र हॉस्टल निर्माण की मांग रखी तथा पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

महिला संगठन के पदाधिकारियों का मनोनयन

बैठक में राजपुर तहसील अध्यक्ष चम्पालाल राठौर, अंजड़ तहसील अध्यक्ष गोपालजी चौहान, बड़वानी तहसील अध्यक्ष ओमप्रकाशजी काग, जिला उपाध्यक्ष नंदकिशोर गेहलोत और किशोर सोलंकी की सक्रिय सहभागिता रही। इस अवसर पर ललिताजी पंवार ने लीला परिहार को प्रांतीय महिला उपाध्यक्ष, मंजू गेहलोत को जिला महिला अध्यक्ष, संगीता काग को जिला महासचिव, कविता लछेटा को बड़वानी तहसील अध्यक्ष, प्रियंका परमार को अंजड़ तहसील अध्यक्ष तथा अनुपमा काग को राजपुर तहसील अध्यक्ष पद पर मनोनीत किया। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश युवा महासचिव जितेंद्रजी लछेटा ने किया तथा आभार जिला महासचिव संजय मोगरे ने व्यक्त किया।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!