जबलपुर, रीवा, सागरइंदौरभोपालमुख्य खबरे

भोपाल, इंदौर समेत मध्य प्रदेश के प्रमुख शहरों में LPG दरों में बढ़ोतरी, तीन माह में ₹110 महंगा सिलेंडर

7 जून से नई दरें लागू, भोपाल में 14.2 किलोग्राम घरेलू सिलेंडर ₹947.50 में उपलब्ध होगा।

जनोदय पंच। मध्य प्रदेश में 7 जून से घरेलू LPG सिलेंडर ₹29 महंगा हो गया है। भोपाल में इसकी कीमत ₹947.50 पहुंच गई है, जबकि ग्वालियर और उज्जैन में दरें ₹1000 से ऊपर चली गई हैं। पिछले तीन माह में घरेलू सिलेंडर कुल ₹110 महंगा हो चुका है।

मध्य प्रदेश में घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में ₹29 की वृद्धि कर दी गई है। नई दरें रविवार 7 जून से लागू हो गई हैं। इसके बाद भोपाल में 14.2 किलोग्राम घरेलू गैस सिलेंडर ₹918.50 से बढ़कर ₹947.50 का हो गया है। राज्य के पांच बड़े शहरों में ग्वालियर में सिलेंडर की कीमत ₹1025 और उज्जैन में ₹1001 पहुंच गई है। वहीं इंदौर में घरेलू सिलेंडर ₹970 तथा जबलपुर में ₹919 में उपलब्ध होगा। इससे पहले 7 मार्च को घरेलू LPG सिलेंडर के दाम ₹60 बढ़ाए गए थे। इस तरह तीन माह के भीतर घरेलू सिलेंडर की कीमतों में कुल ₹110 की वृद्धि हो चुकी है।

तेल कंपनियों ने बढ़ती लागत को बताया कारण

जानकारी के अनुसार तेल कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा लागत बढ़ने और घरेलू बिक्री पर होने वाले नुकसान के कारण कीमतों में बढ़ोतरी की गई है। न्यूज एजेंसी PTI ने सूत्रों के हवाले से बताया कि सरकारी तेल कंपनियों को प्रत्येक घरेलू सिलेंडर पर करीब ₹703 का नुकसान हो रहा था। कंपनियों का दावा है कि हालिया वृद्धि के बाद भी नुकसान की केवल आंशिक भरपाई हो सकेगी। इससे पहले 8 अप्रैल 2025 को घरेलू LPG सिलेंडर के दाम ₹50 बढ़ाए गए थे। वहीं 1 मार्च 2026 को कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में ₹31 तक की वृद्धि की गई थी। 5 किलोग्राम वाले LPG सिलेंडर की कीमत में भी ₹11 की बढ़ोतरी कर इसे ₹821.50 कर दिया गया था।

पेट्रोल-डीजल और CNG भी हुए महंगे, ऐसे तय होती है कीमत

पिछले कुछ सप्ताह में पेट्रोल, डीजल और CNG की कीमतों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मई के दौरान पेट्रोल और डीजल की कीमतें कुल मिलाकर ₹7.50 प्रति लीटर बढ़ीं, जबकि CNG करीब ₹6 प्रति किलोग्राम महंगी हुई। कंपनियों के अनुसार पेट्रोल पर करीब ₹11 प्रति लीटर और डीजल पर ₹33.6 प्रति लीटर का नुकसान हो रहा है। सरकार का कहना है कि वैश्विक कीमतों में हुई पूरी वृद्धि का बोझ उपभोक्ताओं पर नहीं डाला गया है और कच्चे तेल की महंगाई का कुछ हिस्सा सरकारी तेल कंपनियां स्वयं वहन कर रही हैं। LPG सिलेंडर की कीमत तय करते समय अंतरराष्ट्रीय बाजार में LPG की दरें, डॉलर के मुकाबले रुपये की स्थिति, आयात, ढुलाई, बॉटलिंग प्लांट व वितरण लागत, बाजार परिस्थितियां तथा सरकार की टैक्स और सब्सिडी संबंधी नीतियां प्रमुख भूमिका निभाती हैं।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!