जुलवानिया से ओंकारेश्वर तक निकली पैदल कांवड़ यात्रा, कसरावद में भाजपा नेताओं ने किया स्वागत

सेंधवा। भाजपा जिला अध्यक्ष अजय यादव के नेतृत्व में जुलवानिया से ओंकारेश्वर तक निकाली जा रही पैदल कांवड़ यात्रा में सेंधवा क्षेत्र के भाजपा नेता एवं श्रद्धालु भी उत्साहपूर्वक शामिल हो रहे हैं। इसी क्रम में सेंधवा के भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने कसरावद पहुंचकर कांवड़ यात्रा का स्वागत किया तथा भाजपा जिला अध्यक्ष अजय यादव के साथ यात्रा में सहभागिता की।
भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल ने बताया कि धार्मिक आस्था और श्रद्धा से ओतप्रोत यह कांवड़ यात्रा 6 अगस्त से जुलवानिया से प्रारंभ हुई है, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए 10 अगस्त को ओंकारेश्वर पहुंचकर भगवान ओंकारेश्वर का जलाभिषेक करने के साथ संपन्न होगी। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु कांवड़ लेकर पैदल यात्रा कर रहे हैं।

कसरावद में सेंधवा से पहुंचे भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भाजपा जिला अध्यक्ष अजय यादव का स्वागत किया और कांवड़ यात्रा में शामिल होकर श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन किया। यात्रा के दौरान हर-हर महादेव, बम-बम भोले के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। श्रद्धालु पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ ओंकारेश्वर की ओर आगे बढ़ रहे हैं।
भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल ने कहा कि भगवान शिव के प्रति आस्था और श्रद्धा को समर्पित यह कांवड़ यात्रा क्षेत्र में धार्मिक एवं सामाजिक एकता का संदेश भी दे रही है। यात्रा में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा कांवड़ यात्रियों का स्वागत किया जा रहा है तथा उनके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं।
कांवड़ यात्रा में भाजपा जिला उपाध्यक्ष छोटू चौधरी, भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल, विजय स्वामी, अनिल वाघ, प्रकाश निकुम, भूषण जैन, नपा सीएमओ मधु चौधरी, उपयंत्री सचिन अलुने सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता, कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु सम्मिलित होकर भगवान भोलेनाथ की भक्ति में सहभागी बन रहे हैं।
यात्रा के 10 अगस्त को ओंकारेश्वर पहुंचने के बाद भगवान ओंकारेश्वर का पवित्र जल से अभिषेक किया जाएगा। इसके साथ ही पैदल कांवड़ यात्रा का विधिवत समापन होगा। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।



