धर्म-ज्योतिष, समाजमुख्य खबरेसेंधवा

ग्राम केलपानी से ओंकारेश्वर तक 200 से अधिक ग्रामीणों की पैदल यात्रा, विधायक मोंटू सोलंकी ने जयघोष के साथ किया रवाना

जनोदय पंच। सेंधवा। सेंधवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम केलपानी में पहाड़ी पर ग्रामीणों द्वारा बाबा महाकाल का भव्य मंदिर बनाया गया है। आगामी नागपंचमी के पावन अवसर पर मंदिर में बाबा महाकाल की मूर्ति स्थापना को लेकर ग्रामीणों ने अनूठी धार्मिक पहल की है।

ग्राम केलपानी से 200 से अधिक ग्रामीण एवं कार्यकर्ता बाबा महाकाल की मूर्ति लेने के लिए ओंकारेश्वर तक पैदल यात्रा पर रवाना हुए। सेंधवा विधायक श्री मोंटू सोलंकी ने ग्राम केलपानी पहुंचकर जयघोष के साथ यात्रा को रवाना किया। विधायक श्री सोलंकी ने स्वयं ग्रामीणों के साथ कुछ दूरी तक पैदल चलकर यात्रा में सहभागिता की।

यात्रियों की सुविधा के लिए यात्रा मार्ग में अल्पाहार एवं आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं। ग्राम के सरपंच श्री शोभाराम सोलंकी ने बताया कि पैदल यात्रा दो दिनों में पूरी होगी और 10 अगस्त को सुबह लगभग 10 बजे तक यात्री केलपानी वापस पहुंचेंगे। इसके पश्चात नागपंचमी के शुभ अवसर पर बाबा महाकाल की मूर्ति की विधि-विधान से स्थापना की जाएगी।

विधायक श्री मोंटू सोलंकी ने कहा कि ग्राम केलपानी के ग्रामीणों द्वारा एकजुट होकर पहाड़ी पर बाबा महाकाल का मंदिर बनाना पूरे सेंधवा विधानसभा क्षेत्र के लिए गर्व और खुशी की बात है। गांव के पुजारा, डाहला, पटेल, सरपंच, पंच एवं समस्त ग्रामीणों ने मिलकर बाबा महाकाल को ओंकारेश्वर से पैदल लाने का निर्णय लिया है, जो उनकी गहरी आस्था, श्रद्धा और एकता का अद्भुत उदाहरण है।

 

उन्होंने कहा कि श्रावण मास में पूरा देश भगवान शिव की भक्ति में लीन है। ऐसे पावन अवसर पर केलपानी के ग्रामीणों की यह धार्मिक पहल अत्यंत सराहनीय है। नागपंचमी के अवसर पर बाबा महाकाल की विधिवत मूर्ति स्थापना के साथ भव्य धार्मिक आयोजन किया जाएगा।

विधायक श्री सोलंकी ने पैदल यात्रा में शामिल सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए बाबा महाकाल से सभी यात्रियों के सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य एवं सेंधवा विधानसभा क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!