सेंधवामुख्य खबरे

सेंधवा में होटल, लॉज और धर्मशाला संचालकों को सख्त हिदायत, बिना पहचान पत्र नहीं मिलेगा कमरा

सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस ने बुलाई बैठक, सीसीटीवी और मुसाफिर रिकॉर्ड अनिवार्य

जनोदय पंच। सेंधवा शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से होटल, लॉज एवं धर्मशाला संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बिना वैध पहचान पत्र के कमरा नहीं देने, प्रतिदिन मुसाफिरों की जानकारी थाने में जमा कराने तथा सभी प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए गए।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आयोजित हुई बैठक

पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर के मार्गदर्शन में एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे की उपस्थिति तथा थाना प्रभारी दिनेश सिंह कुशवाह के नेतृत्व में थाना सेंधवा शहर परिसर में शहर के होटल, लॉज एवं धर्मशाला संचालकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य शहर की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना, कानून-व्यवस्था बनाए रखना तथा संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना था।

पहचान पत्र और रिकॉर्ड संधारण के निर्देश

बैठक में संचालकों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक मुसाफिर का वैध मूल पहचान पत्र, जैसे आधार कार्ड, वोटर आईडी या ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने के बाद ही कमरा उपलब्ध कराया जाए। बिना पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को कमरा नहीं दिया जाए। होटल एवं लॉज में ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का नाम, पता, मोबाइल नंबर तथा आगमन एवं प्रस्थान का समय रजिस्टर में स्पष्ट रूप से दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए। रजिस्टर में किसी प्रकार की ओवरराइटिंग या लापरवाही नहीं बरतने को कहा गया।

मुसाफिर जानकारी और सीसीटीवी अनिवार्य

अधिकारियों ने निर्देश दिए कि प्रतिदिन ठहरने वाले मुसाफिरों की जानकारी निर्धारित मुसाफिर फॉर्म के माध्यम से अनिवार्य रूप से स्थानीय थाने में जमा कराई जाए। यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध प्रतीत हो या उसकी गतिविधियां असामान्य लगें तो इसकी सूचना तत्काल थाना प्रभारी अथवा निकटतम पुलिस को दी जाए। सभी होटल, लॉज एवं धर्मशालाओं में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से स्थापित कर उन्हें नियमित रूप से संचालित रखने के निर्देश भी दिए गए।

नियमों की अवहेलना पर होगी कार्रवाई

बैठक के दौरान स्पष्ट किया गया कि सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन नहीं करने अथवा किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने वाले होटल एवं लॉज संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में शहर के सभी प्रमुख होटल, लॉज एवं धर्मशाला संचालक उपस्थित रहे। सभी संचालकों ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!