सेंधवा में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व, कृतित्व और राष्ट्रसेवा को किया गया स्मरण

सेंधवा। भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती नगर में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष के जनसंपर्क कार्यालय पर भावपूर्ण आयोजन आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए तथा उनके व्यक्तित्व, कृतित्व और राष्ट्र के प्रति योगदान को स्मरण किया गया। इस दौरान “जब तक सूरज-चांद रहेंगे, अटलजी का नाम रहेगा” और “अटलजी अमर रहे” के नारे लगाए गए।
कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एस. वीरा स्वामी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे स्तंभ थे, जिन्होंने अपनी दूरदर्शिता, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभक्ति से देश को नई दिशा दी। वे एक आदर्श नेता के रूप में सदैव याद किए जाते रहेंगे।
नगर पालिका उपाध्यक्ष मोहन जोशी ने कहा कि भारत के प्रति उनके निस्वार्थ समर्पण और पचास से अधिक वर्षों तक देश व समाज की सेवा के लिए उन्हें भारत का दूसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण प्रदान किया गया। उन्होंने बताया कि वर्ष 1994 में अटल बिहारी वाजपेयी को भारत का ‘सर्वश्रेष्ठ सांसद’ भी चुना गया था।

भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल ने कहा कि अपने नाम के अनुरूप अटल बिहारी वाजपेयी एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय नेता, प्रखर राजनीतिज्ञ, निस्वार्थ सामाजिक कार्यकर्ता, सशक्त वक्ता, कवि, साहित्यकार, पत्रकार और बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी थे। वे जनता की बातों को ध्यान से सुनते थे और उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने का निरंतर प्रयास करते थे। उनके कार्य राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को स्पष्ट रूप से दर्शाते हैं। उन्हें भारत सरकार द्वारा देश के सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया।
वरिष्ठ भाजपा नेता गोविंद शर्मा ‘मामा’ ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी एक दूरदर्शी राजनेता, संवेदनशील कवि और कुशल प्रशासक थे। उन्होंने देश को राजनीतिक स्थिरता देने के साथ-साथ सड़क, संचार, शिक्षा और रक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों और सर्वसमावेशी विकास का प्रेरक उदाहरण है।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष बसंती बाई यादव ने अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि डॉ. आंबेडकर कॉलोनी से हायर सेकेंडरी स्कूल तक बनने वाले सेंटर लाइट डिवाइडर सीमेंट-कंक्रीट रोड का नाम “अटल बिहारी वाजपेयी मार्ग” रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि यह मार्ग न केवल यातायात सुविधा को सुदृढ़ करेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्शों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान की सतत याद भी दिलाएगा। उन्होंने आगे कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन सहमति, संवाद और समर्पण के साथ राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है। नगर पालिका द्वारा विकास कार्यों के माध्यम से उनकी स्मृति को जीवंत रखने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। आयोजन में सुरेश गर्ग, विवेक छाबड़ा, रामेश्वर पालीवाल, सुनील शर्मा, गणेश राठौड़, श्याम पाटिल, नंदा गुर्जर, ज्योत्सना अग्रवाल सहित नगर के गणमान्य नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



