बड़वानी-पाटी रोड पर हथियारबंद बदमाशों ने बियर से भरी पिकअप लूटी, जंगल में मिली लावारिस गाड़ी
बावनगजा रोड पर देर रात वारदात, पुलिस ने फॉरेंसिक जांच शुरू कर सीसीटीवी फुटेज खंगालना किया शुरू

जनोदय पंच। बड़वानी-पाटी रोड पर बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात 30 से ज्यादा हथियारबंद बदमाशों ने शराब से भरी पिकअप लूट ली। बदमाश चालक को पिस्टल दिखाकर 222 पेटी पावर कूल बियर से भरा वाहन जंगल की ओर ले गए। बाद में ग्वालबेड़ा के पास पिकअप लावारिस हालत में बरामद हुई।
पिस्टल दिखाकर लूटी शराब से भरी पिकअप
बड़वानी खुर्द के पास बावनगजा रोड पर अज्ञात बदमाशों ने इंदौर से पाटी जा रही पावर कूल बियर की 222 पेटियों से भरी पिकअप को निशाना बनाया। पाटी शराब दुकान संचालक हुकुम राठौड़ ने बताया कि उनकी दुकान के लिए इंदौर वेयर हाउस से वाहन क्रमांक एमएच 46 बीएच 2310 में बियर की खेप भेजी गई थी। शराब की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपए बताई गई है।

30 से ज्यादा हथियारबंद बदमाशों ने घेरा वाहन
दुकान संचालक के अनुसार रात करीब 2:30 बजे बड़वानी खुर्द के आगे बावनगजा रोड पर 30 से ज्यादा हथियारबंद बदमाशों ने पिकअप को घेर लिया। बदमाशों ने चालक पर पिस्टल तानकर उसे धमकाया और शराब से भरी पिकअप लेकर जंगल की ओर फरार हो गए। चालक ने घटना की सूचना तत्काल मालिक और पुलिस को दी, जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

जंगल में मिली लूटी गई पिकअप
घटना की जानकारी मिलते ही शहर कोतवाली थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बड़वानी खुर्द से ग्वालबेड़ा तक जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया। देर रात ग्वालबेड़ा के पास तालाब किनारे लूटी गई पिकअप लावारिस हालत में खड़ी मिली। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन ने बताया कि पुलिस टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है तथा बावनगजा रोड और पाटी मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। जिलेभर में नाकेबंदी कर वाहनों की जांच भी शुरू कर दी गई है।
शराब ठेकेदारों ने मांगी सुरक्षा
हथियारों के बल पर हुई इस लूट की घटना के बाद क्षेत्र के शराब ठेकेदारों में दहशत का माहौल है। ठेकेदारों ने रात के समय शराब परिवहन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित की है। फिलहाल पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।



