सेंधवाशिक्षा-रोजगार

सेंधवा के नेहरू स्मृति स्कूल में दीपोत्सव की धूम, विद्यार्थियों ने दीप सजाकर पोस्टर और रंगों से दिखाई प्रतिभा

दीप सजाओ, पोस्टर बनाओ और रंग भरो प्रतियोगिताओं में कक्षा पहली से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साह से लिया हिस्सा

 जनोदय पंच। सेंधवा के नेहरू स्मृति हायर सेकेंडरी हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में दीपावली के उपलक्ष्य में दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताएं हुईं। बच्चों ने दीप सजाने, पोस्टर बनाने और रंग भरने के माध्यम से अपनी कलात्मक प्रतिभा और कल्पनाशीलता का प्रदर्शन किया।

दीप सजाओ, पोस्टर बनाओ और रंग भरो प्रतियोगिताएं आयोजित

विद्यालय में आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम में कक्षा पहली से लेकर कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के अंतर्गत दीप सजाओ, पोस्टर बनाओ एवं रंग भरो प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने दीपावली से संबंधित आकर्षक दीप सजाए। वहीं, रंग-बिरंगे पोस्टरों के माध्यम से दीपावली के संदेश, शुभकामनाएं, सामाजिक जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों को अपनी कलात्मक प्रतिभा के जरिए प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए पोस्टर और सजाए गए दीप आकर्षण का केंद्र रहे। सभी विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।

दीपावली ज्ञान, सकारात्मकता और सद्भावना का पर्व : रविंद्र सिंह मंडलोई

इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष रविंद्र सिंह मंडलोई ने अपने उद्बोधन में कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि जीवन में ज्ञान, सकारात्मकता और सद्भावना का प्रकाश फैलाने का संदेश भी देती है। इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में छिपी प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उन्हें भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने का कार्य करती हैं।

सांस्कृतिक गतिविधियां सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी

अंग्रेजी माध्यम के प्राचार्य राहुल मंडलोई ने विद्यार्थियों की कलात्मक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेना विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। हिंदी माध्यम के प्राचार्य हेमंत खेड़े ने सभी विद्यार्थियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में उत्साह, आत्मविश्वास और कला के प्रति रुचि विकसित करते हैं। उपप्राचार्य देवेंद्र कानूनगो ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। विद्यालय में आयोजित ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का उचित मंच प्रदान करती हैं।

विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों को दी शुभकामनाएं

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी कला, कल्पनाशीलता और उत्साह का परिचय दिया। विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए दीपावली की शुभकामनाएं प्रेषित कीं। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष पीरचंद मित्तल, बीएल जैन, दिलीप कानूनगो, उपाध्यक्ष शैलेष कुमार जोशी, सचिव तेजस शाह, कोषाध्यक्ष दीपक लालका, सह सचिव मनोज कानूनगो तथा समस्त सदस्य और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!