सेंधवा में कंचन देवी कानूनगो के निधन पर नेत्रदान, दो जरूरतमंदों को नई रोशनी देने का प्रयास
मानव सेवा समिति का 32वां नेत्रदान संपन्न, कानूनगो परिवार ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए किया इको-फ्रेंडली अंतिम संस्कार

जनोदय पंच। सेंधवा में श्रीमती कंचन देवी कानूनगो के निधन के बाद परिवार ने नेत्रदान कराया। नेत्रदान से प्राप्त कॉर्निया इंदौर भेजे जाएंगे, जहां दो जरूरतमंद व्यक्तियों के कॉर्निया प्रत्यारोपण से उनकी दृष्टि लौटाने का प्रयास किया जाएगा। अंतिम संस्कार में पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
परिवार ने संकल्प के साथ कराया नेत्रदान
रामबाजार निवासी श्रीमती कंचनबाई कानूनगो के निधन के बाद उनके पुत्र और पालीवाल समाज सेंधवा के अध्यक्ष गिरीश कानूनगो ने मानव सेवा समिति के संचालक नीलेश जैन से संपर्क किया। उन्होंने अपनी माता के नेत्रदान के संकल्प की जानकारी देते हुए नेत्रदान की इच्छा जाहिर की। नीलेश जैन ने तत्काल नारायण दास हॉस्पिटल के डॉ. आकाश पालीवाल से संपर्क किया। इसके बाद दोपहर 11:30 बजे नेत्रदान संपन्न कराया गया। नेत्रदान के बाद कॉर्निया का बॉक्स मानव सेवा समिति के नीलेश जैन और डॉ. आकाश पालीवाल को सौंपा गया।

इंदौर भेजे जाएंगे कॉर्निया
प्राप्त कॉर्निया इंदौर के एमके इंटरनेशनल हॉस्पिटल भेजे जाएंगे। इनके माध्यम से दो जरूरतमंद व्यक्तियों को कॉर्निया प्रत्यारोपित कर उनकी दृष्टि लौटाने का प्रयास किया जाएगा। पालीवाल समाज के अध्यक्ष गिरीश कानूनगो ने बताया कि अपनी माता की अंतिम इच्छा को मानते हुए नेत्रदान का संकल्प लिया। उन्होंने कहा, “मेरी माता का शरीर ऐसे ही पंचतत्व में विलीन हो जाता है, पर उनके द्वारा दिया गया नेत्रदान किसी और की आंखों से दुनिया देखे, इससे बड़ा पुण्य और श्रद्धांजलि कुछ नहीं। मृत्यु शोक का नहीं, किसी को जीवन देने का अवसर भी है।” उन्होंने समाज बंधुओं से नेत्रदान के लिए आगे आने और इस कार्य में मानव सेवा समिति को सहयोग करने की अपील की।

मानव सेवा समिति का 32वां नेत्रदान
मानव सेवा समिति के संचालक समाजसेवी नीलेश जैन ने बताया कि समिति के माध्यम से यह 32वां नेत्रदान संपन्न हुआ है। सेंधवा में पालीवाल समाज का यह छठा नेत्रदान है। कानूनगो परिवार ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अंतिम संस्कार में लकड़ियों के स्थान पर गोबर से बने कंडों का उपयोग किया। मंगलवार शाम 6 बजे मुक्तिधाम में उनका इको-फ्रेंडली अंतिम संस्कार संपन्न किया गया।
विभिन्न संस्थाओं ने अर्पित की श्रद्धांजलि
इस अवसर पर रविन्द्र मंडलोई, मनोज कानूनगो, प्रहलाद यादव, महेश सोनी, चेतन कानूनगो, नीरज कानूनगो, परेश पालीवाल, मनोज मंडलोई, शरद पालीवाल, धनश्याम पालीवाल और अनिल कानूनगो सहित पालीवाल समाज, डॉ. एसोसिएशन, लायंस क्लब सेंधवा, मानव सेवा समिति, सरस्वती शिशु मंदिर और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने श्रद्धांजलि अर्पित की।



