सेंधवामुख्य खबरे

सेंधवा; मोहर्रम पर्व को लेकर नगर पालिका सभा गृह सेंधवा में शांति समिति की बैठक संपन्न

पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में आयोजित बैठक में शांति, सौहार्द एवं परंपरागत रूप से त्योहार मनाने की अपील

सेंधवा; पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में आगामी मोहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज नगर पालिका सभा गृह, सेंधवा में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) श्री आशीष सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) श्री अजय वाघमारे द्वारा की गई।

बैठक में तहसीलदार श्री राहुल सोलंकी, थाना प्रभारी सेंधवा शहर श्री दिनेश सिंह कुशवाह, थाना प्रभारी सेंधवा ग्रामीण श्री ओमप्रकाश चोंगडे, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री मोहन जोशी सहित दोनों समुदायों के गणमान्य नागरिक, धर्मगुरु, त्योहार समितियों के पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने मोहर्रम पर्व को परंपरागत, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रशासन द्वारा दिए गए प्रमुख निर्देश

शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखें
एसडीएम श्री आशीष सिंह ने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों एवं सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने नागरिकों से सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं अपुष्ट जानकारी साझा नहीं करने तथा आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की।

जुलूस मार्ग एवं यातायात व्यवस्था
मोहर्रम के दौरान निकलने वाले ताजिया एवं जुलूस मार्गों का पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा यातायात को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

*नगर पालिका को आवश्यक व्यवस्थाओं के निर्देश
नगर पालिका प्रशासन को जुलूस मार्गों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा लटकते हुए विद्युत तारों को दुरुस्त कराने सहित आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

प्रशासन एवं जनता के समन्वय पर जोर
एसडीओपी श्री अजय वाघमारे ने नागरिकों से पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद अथवा अप्रिय स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

गणमान्य नागरिकों ने दिया सहयोग का आश्वासन

बैठक में उपस्थित दोनों समुदायों के वरिष्ठ नागरिकों एवं समाज प्रतिनिधियों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मोहर्रम पर्व पूरी अकीदत, शांति एवं आपसी सद्भाव के साथ मनाया जाएगा। नागरिकों द्वारा दिए गए सुझावों को प्रशासन ने गंभीरता से सुना एवं आवश्यकतानुसार अमल में लाने का आश्वासन दिया।

बैठक के अंत में प्रशासन द्वारा सभी उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए आगामी मोहर्रम पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं दी गईं।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!