सिलावद पुलिस ने 24 घंटे में हत्या का खुलासा कर दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
जमीन विवाद में बीच-बचाव करने आई महिला की डंडे से हत्या, घटना में प्रयुक्त डंडा जब्त

सिलावद/बड़वानी। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) राजपुर महेश सुनैया के मार्गदर्शन में थाना सिलावद पुलिस ने जमीन विवाद में बीच-बचाव करने आई महिला की हत्या के मामले में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए घटना के महज 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर प्रकरण का खुलासा किया।
जमीन विवाद के दौरान हुई वारदात
दिनांक 05.08.2026 को फरियादी भारसिंग पिता नानला जमरे, निवासी नदी फलिया, ग्राम कालाखेत ने थाना सिलावद में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके पड़ोसी नानसिंग पिता दुरसिंग जमरे से जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। उसी दिन शाम लगभग 6:30 बजे फरियादी के पुत्र केवल एवं महेश घर के पास खेत में मौजूद थे। इसी दौरान आरोपी मनीष पिता नानसिंग जमरे (उम्र 20 वर्ष) ने जमीन विवाद को लेकर दोनों के साथ अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने अपने बड़े बाबा के पुत्र राकेश पिता गिलदार जमरे (उम्र 26 वर्ष) को फोन कर मौके पर बुला लिया।
बीच-बचाव करने आई महिला पर किया हमला
इसके बाद आरोपी मनीष लकड़ी का डंडा (डेंग) लेकर आया और दोनों भाइयों के साथ मारपीट करने लगा। मारपीट होते देख बीच-बचाव करने आई फरियादी की पत्नी जाकलीबाई पर आरोपी मनीष ने जान से मारने की नीयत से डंडे से बाएं सीने पर जोरदार वार कर दिया, जिससे वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर गई। घटना के बाद दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। सूचना प्राप्त होते ही थाना सिलावद पुलिस एवं डायल-112/108 की टीम मौके पर पहुंची तथा घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिलावद पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।

24 घंटे में गिरफ्तारी, डंडा बरामद
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना सिलावद में अपराध क्रमांक 244/2026 अंतर्गत धारा 296(बी), 115(2), 351(1), 103(1) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर आवश्यक भौतिक साक्ष्य एकत्रित किए गए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक रामकृष्ण लौवंशी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपियों की लगातार तलाश की गई। तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर 06.08.2026 को मनीष पिता नानसिंग जमरे (उम्र 20 वर्ष) एवं राकेश पिता गिलदार जमरे (उम्र 26 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम कालाखेत, को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा बरामद कर जब्त किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। प्रकरण की विवेचना जारी है।
इन पुलिस अधिकारियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक रामकृष्ण लौवंशी, उप निरीक्षक बलवंत सिंह बिसेन, एएसआई किशोर जैसवाल, प्रधान आरक्षक 407 संदेश पांचाल, आरक्षक 91 अंतरसिंह, आरक्षक 243 सुनील चौहान एवं आरक्षक 141 पारसिंह डोडवा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


