जुलवानिया में श्रद्धा कावड़ यात्रा का भव्य शुभारंभ, ओंकारेश्वर के लिए रवाना हुए सैकड़ों कावड़ यात्री
भाजपा जिला अध्यक्ष एवं यात्रा संयोजक अजय यादव के नेतृत्व में निकली प्लास्टिक मुक्त यात्रा, 10 अगस्त को होगा जलाभिषेक

रमन बोरखड़े। । बड़वानी जिले के जुलवानिया से श्रावण मास में श्रद्धा पैदल कावड़ यात्रा का शुभारंभ हुआ। भाजपा जिला अध्यक्ष एवं यात्रा संयोजक अजय यादव के नेतृत्व में 500 से अधिक श्रद्धालु ओंकारेश्वर के लिए रवाना हुए। यात्रा की शुरुआत शिव अभिषेक, वृक्षारोपण और कावड़ पूजन के साथ हुई।
शिव अभिषेक और वृक्षारोपण से हुआ शुभारंभ
श्रीराम धर्मजागरण समिति के तत्वावधान में श्रावण मास की श्रद्धा पैदल कावड़ यात्रा गुरुवार को दशहरा मैदान से प्रारंभ हुई। यात्रा के 19वें वर्ष में भाजपा जिला अध्यक्ष एवं यात्रा संयोजक अजय यादव के नेतृत्व में 500 से अधिक कावड़ यात्री शामिल हुए। यात्रा प्रारंभ होने से पहले पशुपतिनाथ मंदिर में भगवान शिव का विधिवत अभिषेक किया गया। इसके बाद खाटूश्याम मंदिर प्रांगण में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 151 पौधों का रोपण किया गया। मनोकामनेश्वर महादेव मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ लघु रुद्राभिषेक भी संपन्न हुआ।



दशहरा मैदान से ओंकारेश्वर के लिए हुआ प्रस्थान
सुबह 10 बजे दशहरा मैदान में कावड़ पूजन के बाद यात्रा विधिवत प्रारंभ हुई। कावड़िए और श्रद्धालु डीजे पर शिव भजनों की धुन पर आगे बढ़े। यात्रा में भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती की आकर्षक झांकी शामिल रही। कावड़ यात्रा दुर्गा मंदिर, बस स्टैंड, गायत्री मंदिर और शिव मंदिर होते हुए ठीकरी की ओर रवाना हुई, जहां रात्रि विश्राम किया जाएगा। यह यात्रा 10 अगस्त को ओंकारेश्वर पहुंचकर भगवान ओंकारेश्वर और ममलेश्वर महादेव का जलाभिषेक करेगी।



मार्ग में हुआ स्वागत, पर्यावरण का दिया संदेश
आयोजकों के अनुसार यात्रा पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त है और इसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना है। यात्रा 25 से अधिक गांवों को जोड़ते हुए स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता का संदेश दे रही है। नगर एवं मार्ग में विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संगठनों ने मंच बनाकर कावड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा की तथा स्वल्पाहार और शीतल पेय की व्यवस्था की। सदर मुस्ताक खान के नेतृत्व में मुस्लिम समाज ने भी मंच लगाकर कावड़ यात्रियों का स्वागत किया।




जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही उपस्थिति
यात्रा में पूर्व मंत्री प्रेम सिंह पटेल, पानसेमल विधायक श्याम बर्डे, समाजसेवी दीपक शर्मा, विकास आर्य, पूर्व सांसद सुभाष पटेल, अंतर सिंह पटेल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। पुलिस अधीक्षक पदमविलोचन शुक्ल ने भी यात्रा का स्वागत किया। सिलावद मंडल अध्यक्ष अजय यादव ने बताया कि श्रद्धा कावड़ यात्रा पिछले 18 वर्षों से लगातार निकाली जा रही है और इस वर्ष 19वें आयोजन के रूप में संपन्न हो रही है।



