खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरेसेंधवा

बड़वानी के वरला में महिला ने दो मासूम बच्चों संग कुएं में लगाई छलांग, तीनों की मौत

रामजी फलिया की घटना में महिला और दो मासूम बच्चों की मौत, एसडीओपी अजय वाघमारे ने जांच की बात कही

जनोदय पंच। बड़वानी जिले के वरला थाना क्षेत्र के दुगानी गांव में एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ 60 फीट गहरे कुएं में छलांग लगा दी। तीनों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बड़वानी/वरला। वरला थाना क्षेत्र के दुगानी गांव के रामजी फलिया में गुरुवार को एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ 60 फीट गहरे कुएं में छलांग लगा दी। घटना में महिला और दोनों बच्चों की डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार बच्चों के फेफड़ों में पानी भर गया, जबकि महिला की भी पानी में दम घुटने से मृत्यु हुई। मृतकों की पहचान माया (25) पत्नी प्रदीप कनोजे, तीन वर्षीय बेटी सलोनी और डेढ़ वर्षीय बेटे अयान के रूप में हुई है।

ग्रामीणों ने निकाला बाहर, तब तक हो चुकी थी मौत

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण कुएं के पास एकत्रित हो गए। सूचना मिलने पर वरला थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से तीनों को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए वरला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मां और दोनों मासूम बच्चों के शव देखकर परिवार में शोक का माहौल छा गया। गांव की महिलाओं की चीख-पुकार से पूरा क्षेत्र गमगीन हो गया। आसपास मौजूद ग्रामीण परिजनों को ढांढस बंधाते नजर आए।

घटना के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

एसडीओपी अजय वाघमारे ने बताया कि तीनों शवों को वरला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पोस्टमॉर्टम कक्ष में रखवाया गया है। शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम के बाद वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में घटना के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों के बयान दर्ज कर रही है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि महिला ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!