यवतमाल में उपराष्ट्रपति ने किया जवाहरलाल दर्डा की प्रतिमा का अनावरण, सेंधवा के उद्योग संचालकों ने किया सम्मान
प्रियदर्शिनी सहकारी कताई एवं बुनाई मिल का किया दौरा, सेंधवा की सत्यम स्पिनिंग के संचालकों ने भेंट किया स्मृति चिन्ह

रमन बोरखड़े। सेंधवा। सेंधवा। महाराष्ट्र के यवतमाल में आयोजित कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति ने स्वर्गीय जवाहरलाल दर्डा की आदमकद कांस्य प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान प्रियदर्शिनी सहकारी कताई एवं बुनाई मिल का दौरा कर कपास किसानों, वस्त्र उद्योग और सहकारिता के योगदान की सराहना की। कार्यक्रम में सेंधवा के उद्योग संचालक भी शामिल हुए।
सेंधवा के उद्योग संचालकों ने किया सम्मान
कार्यक्रम में सत्यम स्पिनिंग प्रा. लि. सेंधवा के संचालक भूपेन्द्र सिंह (पप्पू) राजपाल, संचालक चेतन अग्रवाल, सजल अग्रवाल एवं साहिर अग्रवाल मौजूद रहे। उन्होंने उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान सेंधवा स्पिनिंग मिल के संचालक भी उपस्थित रहे और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया।
स्वतंत्रता संग्राम और जनसेवा में दर्डा के योगदान को किया याद
उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने स्वर्गीय जवाहरलाल दर्डा की स्मृति में स्थापित आदमकद कांस्य प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम, पत्रकारिता और जनसेवा में उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन देशभक्ति और समाज के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने वर्ष 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन में उनकी भूमिका का उल्लेख किया। साथ ही स्वतंत्रता के बाद महाराष्ट्र के औद्योगिक विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और सहकारिता क्षेत्र में उनके योगदान को भी रेखांकित किया।
कपास किसानों और सहकारी संस्थाओं की भूमिका सराही
इसके बाद उपराष्ट्रपति ने प्रियदर्शिनी सहकारी कताई एवं बुनाई मिल का दौरा किया। उन्होंने कहा कि प्रियदर्शिनी सहकारी सूत गिरणी कपास की खेती और वस्त्र उद्योग के बीच महत्वपूर्ण कड़ी है। कपास किसानों को कपड़ा उद्योग से जोड़ने से रोजगार के अवसर बढ़ते हैं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है।
उन्होंने सहकारी संस्थाओं को किसानों के सशक्तीकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के विकास में महत्वपूर्ण बताया। मिल को आर्थिक कठिनाइयों से उबारने के लिए किसानों, सहकारी सदस्यों, प्रबंधन और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने वस्त्र उद्योग में रोजगार और आर्थिक विकास की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए आधुनिक तकनीक एवं मशीनरी अपनाने पर जोर दिया।
कई प्रमुख अतिथि रहे उपस्थित
कार्यक्रम में महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा, वस्त्र एवं उच्च तथा तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल, मृदा एवं जल संरक्षण मंत्री संजय राठौड़, लोकमत मीडिया समूह के अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. विजय दर्डा, लोकमत मीडिया समूह के प्रधान संपादक राजेंद्र दर्डा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। समारोह में सहकारिता क्षेत्र के प्रतिनिधि, किसान, मिल के कर्मचारी और अन्य गणमान्य नागरिकों ने भी सहभागिता की।



