मालवा-निमाड़खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे

बड़वानी में मिशन D3 का असर, जनजातीय समाज ने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ सामूहिक शपथ ली

सिलावद मंडी प्रांगण में आयोजित वृहद बैठक में तीन थाना क्षेत्रों के पटेल, पुजारा और सरपंच हुए शामिल, पुलिस ने सुरक्षा और साइबर जागरूकता का संदेश भी दिया।

जनोदय पंच। बड़वानी पुलिस के मिशन D3 अभियान के तहत सिलावद में आयोजित बैठक में 105 गांवों के पटेल, पुजारा और सरपंचों ने बिना डीजे, दारू और दहेज के विवाह कराने की सामूहिक शपथ ली। पुलिस ने यातायात, महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया।

पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल की प्रेरणा से जिले में संचालित विशेष “मिशन D3 – बिना डीजे, बिना दारू, बिना दहेज” अभियान के तहत 6 जून 2026 को ग्राम सिलावद के मंडी प्रांगण में वृहद सामूहिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना सिलावद, थाना पलसूद और थाना पाटी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 105 गांवों के प्रमुख, पटेल, सरपंच और पुजाराओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों और ग्रामीणों ने सामाजिक कुरीतियों को त्यागने का संकल्प लेते हुए भविष्य में सभी गांवों में बिना डीजे, बिना दारू और बिना दहेज के वैवाहिक कार्यक्रम आयोजित करने की सामूहिक शपथ ली।

पुलिस अधिकारियों ने बढ़ाया हौसला, दी महत्वपूर्ण जानकारियां

ग्रामीणों के इस निर्णय की सराहना करने और सुरक्षा का संदेश देने के लिए थाना प्रभारी सिलावद निरीक्षक रामकृष्ण लववंशी, सहायक उपनिरीक्षक विनोद मीणा, हेमराज वर्मा सहित पुलिस स्टाफ कार्यक्रम में उपस्थित रहा। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी। महिला एवं बाल सुरक्षा के संबंध में किसी भी अपराध या उत्पीड़न की स्थिति में डायल-112 अथवा निकटतम थाने को तत्काल सूचना देने की सलाह दी गई।

साइबर सुरक्षा और जनकल्याणकारी योजनाओं पर किया जागरूक

बैठक में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए ग्रामीणों को किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी साझा नहीं करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने और सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही मध्य प्रदेश शासन की महिला सशक्तिकरण, बाल विकास और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशानुसार जिलेभर में मिशन D3 के तहत ऐसे संवाद और जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे सामाजिक सुधार और सकारात्मक परिवर्तन को बढ़ावा मिल रहा है।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!