बड़वानी में ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान के तहत विद्यार्थियों से रूबरू हुए एसपी पद्मविलोचन शुक्ल, दिए साइबर सुरक्षा और करियर सफलता के मूल मंत्र
शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद, साइबर फ्रॉड से बचाव और संस्कारों पर दिया विशेष जोर

जनोदय पंच। मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार संचालित ‘सेफ क्लिक 2.0’ साइबर जागरूकता अभियान के तहत बड़वानी के शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर साइबर सुरक्षा, करियर निर्माण, डिजिटल खतरों और जीवन मूल्यों पर मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम में साइबर जागरूकता से जुड़े सवालों के सटीक जवाब देने वाली छात्राओं को सम्मानित भी किया गया।
विद्यार्थियों से शिक्षक और अभिभावक की भूमिका में किया संवाद
जिला मुख्यालय स्थित शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचे पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने औपचारिक अतिथि के बजाय शिक्षक और अभिभावक की भूमिका में छात्र-छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों के प्रति जागरूक रहने तथा समाज और देश के समक्ष मौजूद चुनौतियों को अपनी समझ और ज्ञान से हल करने का प्रयास करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र का चयन करने के बाद पूरी क्षमता और मेहनत के साथ कार्य करने पर सफलता अवश्य मिलती है। साथ ही विद्यार्थियों से माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान करने का आग्रह किया।

साइबर अपराधों और डिजिटल अरेस्ट से किया सावधान
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने ऑनलाइन गेमिंग, फेक लिंक, सोशल मीडिया फ्रॉड और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस या कोई भी जांच एजेंसी डिजिटल माध्यम से किसी को गिरफ्तार नहीं करती। ऐसी किसी भी कॉल या संदेश से घबराने के बजाय सतर्क रहने और तत्काल परिजनों व पुलिस को जानकारी देने की सलाह दी।
थाना प्रभारी ने बताए सुरक्षा के उपाय
थाना प्रभारी बड़वानी बलजीत सिंह बिसेन ने विद्यार्थियों को साइबर फ्रॉड से बचने के महत्वपूर्ण उपाय बताए। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान कॉल, एप्लीकेशन या व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना देने की बात कही। उन्होंने विद्यार्थियों से यह जागरूकता अपने गांव, पड़ोस और रिश्तेदारों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

छात्राओं को किया सम्मानित
संवाद सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने खुलकर अपने प्रश्न रखे, जिनका पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने सरल और आत्मीयता के साथ उत्तर दिया। साइबर जागरूकता से जुड़े प्रश्नों के सबसे सटीक उत्तर देने वाली सजग बालिकाओं को पुलिस अधीक्षक द्वारा सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
गरिमामयी उपस्थिति रही
कार्यक्रम में थाना प्रभारी थाना कोतवाली बड़वानी निरीक्षक बलजीत सिंह बिसेन, साइबर एक्सपर्ट उप निरीक्षक रितेश खत्री, साइबर टीम, प्राचार्य अनिल मिश्रा, मुख्य परामर्शदाता मोतीलाल सोलंकी, काउंसलर अनीता चोयल, शिक्षक संदीप शर्मा, अर्चना जोशी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



