सेंधवा में सीवरेज खुदाई के बाद छोड़ा गया 2.5 फीट गहरा गड्ढा, स्थानीय लोगों ने जताई हादसे की आशंका
दो महीने बाद भी नहीं हुई सड़क की मरम्मत, शिकायतों के बावजूद समाधान का इंतजार

जनोदय पंच। सेंधवा शहर में अंडरग्राउंड सीवरेज लाइन की मरम्मत के लिए की गई खुदाई के बाद सड़क को समतल नहीं किए जाने से स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है। दो महीने पहले खोदी गई जगह पर बना करीब 2.5 फीट गहरा गड्ढा अब हादसों का कारण बन सकता है। शिकायत के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं होने से रहवासियों में नाराजगी है।
सीवरेज मरम्मत के बाद अधूरा छोड़ दिया कार्य
सेंधवा शहर में सीवरेज पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण दो माह पूर्व खुदाई की गई थी। स्थानीय निवासी हिमांशु मालाकार ने बताया कि उनके घर के सामने पाइपलाइन दुरुस्त करने का कार्य पूरा होने के बाद संबंधित विभाग ने न तो गड्ढे को पूरी तरह भरा और न ही सड़क को पूर्व स्थिति में बहाल किया। पूर्व में यहां आरसीसी सड़क थी, लेकिन मरम्मत के बाद केवल मिट्टी डालकर छोड़ दिया गया।

पहली बारिश में बढ़ा गड्ढे का आकार
हिमांशु मालाकार के अनुसार पहली बारिश के बाद गड्ढे का आकार और बढ़ गया है। वर्तमान में इसकी गहराई लगभग 2.5 फीट हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह गड्ढा इतना बड़ा हो चुका है कि इसमें छोटा बच्चा भी गिर सकता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
गैस सिलेंडर वाहन फंसा, टला बड़ा हादसा
स्थानीय रहवासियों ने बताया कि हाल ही में गैस सिलेंडर लेकर जा रही एक गाड़ी इस गड्ढे में फंस गई थी। हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बारिश और रात के समय यह गड्ढा राहगीरों तथा बच्चों के लिए जोखिम पैदा कर रहा है।
शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान
हिमांशु मालाकार ने बताया कि समस्या को लेकर शिकायत भी दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे क्षेत्रवासियों में नाराजगी बढ़ रही है। लोगों ने मांग की है कि गड्ढे को तत्काल भरकर सड़क को दुरुस्त किया जाए ताकि किसी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।



