खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरेसेंधवा

‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान के तहत बच्चों को साइबर सुरक्षा का पाठ, एसडीओपी वाघमारे बोले– ‘रुको, सोचो, एक्शन लो’

नेहरू स्मृति विद्यालय में साइबर जागरूकता कार्यक्रम, डिजिटल ठगी से बचाव के उपाय बताए; संदिग्ध कॉल और लिंक से सतर्क रहने की अपील

जनोदय पंच। मध्य प्रदेश पुलिस के ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान के तहत सेंधवा ग्रामीण पुलिस ने नेहरू स्मृति उ.मा. विद्यालय, जोगवाड़ा रोड में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। विद्यार्थियों, शिक्षकों और पालकों को डिजिटल ठगी के तरीकों की जानकारी देते हुए सतर्क रहने तथा किसी भी साइबर धोखाधड़ी पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत करने की सलाह दी गई।

नेहरू स्मृति विद्यालय में आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम

मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में संचालित “सेफ क्लिक 2.0” साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में नेहरू स्मृति उ.मा. विद्यालय, जोगवाड़ा रोड पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और उनके पालकों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर उनकी जीवनभर की मेहनत की कमाई को सुरक्षित रखने के लिए सतर्क करना था।

साइबर ठगी के तरीकों और बचाव की दी जानकारी

कार्यक्रम में सेंधवा अनुभाग के एसडीओपी अजय वाघमारे, थाना प्रभारी सेंधवा ग्रामीण ओमप्रकाश सिंह चौंगड़े तथा सेंधवा साइबर एक्सपर्ट संजय पाटीदार ने डिजिटल अरेस्ट, फर्जी बैंक कॉल, ओटीपी फ्रॉड, केवाईसी अपडेट के नाम पर धोखाधड़ी, निवेश एवं लोन फ्रॉड, सोशल मीडिया ठगी सहित विभिन्न साइबर अपराधों की जानकारी दी। साथ ही इनसे बचाव के सरल और प्रभावी उपाय भी बताए।

‘रुको, सोचो, एक्शन लो’ का दिया संदेश

एसडीओपी अजय वाघमारे का संदेश बच्चों, शिक्षकों और पालकों तक पहुंचाते हुए कहा गया कि, “आपके जीवनभर की कमाई आपकी सबसे बड़ी पूंजी है। थोड़ी-सी सावधानी और डिजिटल सतर्कता आपको साइबर अपराधियों से सुरक्षित रख सकती है। किसी भी अज्ञात कॉल, संदिग्ध लिंक या ऑनलाइन लेनदेन पर बिना सत्यापन विश्वास न करें तथा हर कदम सोच-समझकर उठाएं।” कार्यक्रम में उपस्थितजनों को ओटीपी, एटीएम पिन, बैंक खाते की जानकारी, सीवीवी और पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने की सलाह दी गई। साथ ही साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930, साइबर क्राइम पोर्टल अथवा निकटतम पुलिस थाने में सूचना देने का आग्रह किया गया।

जिलेभर में जारी रहेगा अभियान

कार्यक्रम में “सोचें, जांचें और फिर करें कार्रवाई” को साइबर सुरक्षा का सबसे प्रभावी मंत्र बताया गया। बड़वानी पुलिस ने सभी नागरिकों, विशेष रूप से पेंशनर्स से स्वयं जागरूक रहने और अपने परिवार व परिचितों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की। पुलिस द्वारा “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के तहत जिलेभर के विद्यालयों, महाविद्यालयों, शासकीय कार्यालयों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, सामाजिक संगठनों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!