भाजपा सरकार की किसान नीतियों का विरोध, किसान कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस ने पुतला दहन से पहले छीना मुख्यमंत्री का पुतला

सेंधवा। मध्यप्रदेश किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष श्री धर्मेन्द्र सिंह चौहान जी के निर्देशानुसार किसान कांग्रेस जिला बड़वानी द्वारा शनिवार को जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीतियों के विरोध में विरोध प्रदर्शन एवं पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिला अध्यक्ष सिलदार सोलंकी के नेतृत्व में ख्याज्या नायक चौराहा, मडगांव एवं धनोरा में बड़ी संख्या में किसान कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं किसान एकत्रित हुए। प्रदर्शनकारियों ने मूंग की MSP पर खरीदी नहीं होने, खाद वितरण में ई-टोकन व्यवस्था से किसानों को हो रही परेशानियों तथा पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं मिलने के विरोध में सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।

कार्यक्रम के दौरान किसान कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का प्रतीकात्मक पुतला दहन करने की तैयारी कर रहे थे, तभी मौके पर मौजूद पुलिस बल ने हस्तक्षेप करते हुए पुतला अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस द्वारा पुतला छीन लिए जाने के कारण निर्धारित पुतला दहन कार्यक्रम नहीं हो सका। इसके बावजूद किसान कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण ढंग से अपना विरोध दर्ज कराया और किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की।
जिला अध्यक्ष सिलदार सोलंकी ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार किसानों के साथ लगातार अन्याय कर रही है। मूंग की MSP पर खरीदी नहीं होने से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। खाद वितरण की ई-टोकन व्यवस्था किसानों के लिए परेशानी का कारण बन गई है तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त बिजली उपलब्ध नहीं कराई जा रही है, जिससे खेती-किसानी गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन ने पुतला छीनकर कार्यक्रम को रोकने का प्रयास किया, लेकिन इससे किसानों की आवाज दबाई नहीं जा सकती। किसान कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से किसानों के हक, सम्मान और अधिकारों की लड़ाई आगे भी पूरी मजबूती से लड़ती रहेगी। यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और अधिक व्यापक बनाया जाएगा।
इस अवसर पर किसान कांग्रेस के जिला, ब्लॉक एवं मंडल पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।



