सेंधवा में 09 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस ऐतिहासिक रूप से मनाने का निर्णय, विशाल रैली और आमसभा होगी आयोजित
सर्व आदिवासी समाज की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय, 26 जुलाई को अगली बैठक में तैयारियों की होगी विस्तृत समीक्षा

सेंधवा के आदिवासी सामुदायिक भवन में सर्व आदिवासी समाज की बैठक में 09 अगस्त 2026 को विश्व आदिवासी दिवस भव्य एवं ऐतिहासिक रूप से मनाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। कार्यक्रम के तहत विशाल रैली और आमसभा आयोजित होगी। तैयारियों को लेकर 26 जुलाई को तृतीय बैठक बुलाई गई है।
जनोदय पंच। सेंधवा। सेंधवा के आदिवासी सामुदायिक भवन में सर्व आदिवासी समाज की महत्वपूर्ण एवं निर्णयात्मक बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी सुखलाल परमार ने की। बैठक का संचालन कानसिंग कनोजे ने किया तथा समाजजनों का आभार देवा जाधव ने व्यक्त किया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 09 अगस्त 2026 को विश्व आदिवासी दिवस सेंधवा में भव्य एवं ऐतिहासिक रूप से मनाया जाएगा। इस अवसर पर विशाल रैली एवं आमसभा का आयोजन होगा, जिसमें क्षेत्रभर से आदिवासी समाज के हजारों लोगों की सहभागिता रहेगी।
विश्व आदिवासी दिवस का उद्देश्य बताया
बैठक में बताया गया कि संयुक्त राष्ट्र संघ (UNO) की महासभा द्वारा 23 दिसंबर 1994 को पारित प्रस्ताव क्रमांक 49/214 के अनुसार प्रतिवर्ष 09 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस (International Day of the World’s Indigenous Peoples) के रूप में मनाया जाता है। आदिवासी एकता परिषद के प्रदेश अध्यक्ष गजानन्द ब्राह्मणे ने कहा कि इसका उद्देश्य आदिवासी समाज के मानवाधिकारों की रक्षा, जल, जंगल, जमीन एवं खनिज संपदा पर अधिकारों का संरक्षण, अस्मिता, आत्मसम्मान, इतिहास, कला एवं संस्कृति का संरक्षण तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना है।
पारंपरिक संस्कृति की दिखेगी झलक
बैठक में बताया गया कि समाजजन पारंपरिक वेशभूषा धारण कर अपने पारंपरिक वाद्य यंत्रों, मांदल, ढोल, थाली एवं अन्य लोक वाद्यों की मधुर धुनों के साथ उत्साहपूर्वक रैली में शामिल होंगे। पारंपरिक संस्कृति की झलक प्रस्तुत करते हुए युवा, महिलाएं एवं बुजुर्ग डीजे की धुनों के साथ पारंपरिक नृत्य करते हुए विशाल रैली में सहभागिता निभाएंगे।
26 जुलाई को होगी तृतीय बैठक
प्रवक्ता विजय सोलंकी ने बताया कि 26 जुलाई 2026 (रविवार) को मंडी प्रांगण में तृतीय बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में विश्व आदिवासी दिवस समिति का गठन, प्रचार-प्रसार समिति, संचालन समिति, वक्ताओं की सूची, वॉलंटियर एवं व्यवस्थापक समिति, ज्ञापन का प्रारूप, रैली मार्ग, मंच स्थल का निरीक्षण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष गजानन्द ब्राह्मणे, क्षेत्रीय विधायक एवं जयस अध्यक्ष मोंटू सोलंकी, राजेश कनोजे, दूरसिंह डावर, मुकेश डुडवे, सुखलाल परमार, भायलाल डावर, रामसिंह भाई, विवेक मेहता, जितू डावर, संजू पटेल, कलम अवाया, प्रताप सेंगर, रघुनाथ जाधव, सायमल सेनानी, रामू अलावे, देवा जाधव, देव जमरे, प्रदीप सेनानी, दिनेश मेहता सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समाजजन उपस्थित रहे।



