बड़वाह। विधायक ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट आए खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर किया सम्मानित…

कपिल वर्मा बड़वाह। समीपस्थ ग्राम कानापुर स्थित ग्रीन वैली स्कूल में जिला स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में खरगोन जिले के 15 विद्यालयों के 14, 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक, बालिका खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के पुरस्कार समारोह में मुख्य अतिथि विद्यायक सचिन बिरला ने खिलाड़ियों की हौंसला अफजाई करते हुए कहा कि टेबल टेनिस एकाग्रता और शारीरिक कौशल का खेल है। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में खेल रहे विद्यार्थी अपने अपने विद्यालयों के टेबल टेनिस के उत्कृष्ट खिलाड़ी हैं।

जिलास्तर पर सफल होने के बाद जिले की टीम में खिलाड़ियों का चयन होगा। तत्पश्चात चयनित खिलाड़ी क्रमशः संभाग, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेंगे। विधायक ने कहा कि खेलों में सहभागिता करने से विद्यार्थियों का शारीरिक और मानसिक विकास भी तेजी से होता है और आत्मविश्वास में वृद्धि होती है।
प्रदेश की डॉ.मोहन यादव सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।विधायक ने प्रतियोगिता के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को मेडल पहनाया एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए। कार्यक्रम के प्रारंभ में क्रीड़ा अधिकारी हबीब बेग मिर्जा ने बताया कि स्कूली शिक्षा विभाग द्वारा खेल प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अध्ययन के साथ साथ खेल क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर उपलब्ध किया है।शिक्षा विभाग विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर ग्रीन वैली स्कूल कानपुर के संचालक मनोज पटेल,सीताराम पटेल,हुकम पटेल , विकासखंड शिक्षा अधिकारी रेवाराम वर्मा, डॉ.प्रदीपसिंह राजपूत, प्रतियोगिता के पर्यवेक्षक केआर वर्मा, अविसस पब्लिक स्कूल के संचालक संदीप नादुलकर, खेल शिक्षक साजिद खान, रविंद्र मिश्रा, अनीश यादव, हाशिम खान, जोश पॉल, हरीश बिरला, रजत राजपूत, मनीष केवट, तनवीर खान, पीयूष सोनी, संदीप यादव सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे। अंत में वरिष्ठ व्यायाम निदेशक डीएस चौहान ने आभार व्यक्त किया।



