खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरेसेंधवा

सेंधवा-बिजासन घाट में कारों से भरा ट्रेलर सड़क से उतरा, पेड़ से टकराते ही केबिन में लगी आग

मुंबई-आगरा नेशनल हाईवे-52 पर मध्य प्रदेश-महाराष्ट्र सीमा के निकट हादसा, ट्रेलर का केबिन जलकर खाक, कुछ कारें भी क्षतिग्रस्त, पुलिस जांच में जुटी।

जनोदय पंच। मुंबई-आगरा नेशनल हाईवे-52 पर बिजासन घाट में कारों से भरा ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया। पेड़ से टकराने के बाद शॉर्ट सर्किट से केबिन में आग लग गई। चालक-परिचालक के कूदकर बचने की आशंका है। महाराष्ट्र पुलिस मामले की जांच और दोनों की तलाश कर रही है।

बिजासन घाट में हुआ हादसा

मुंबई-आगरा नेशनल हाईवे-52 पर बिजासन घाट में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात कारों से भरा ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया। हादसा मध्य प्रदेश-महाराष्ट्र सीमा के पास महाराष्ट्र क्षेत्र में हुआ। ट्रेलर (क्रमांक HR 55 AT 8581) मध्य प्रदेश सीमा से लगभग 500 मीटर दूर मुंबई जाने वाली लेन पर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गया।

पेड़ से टकराने के बाद केबिन में लगी आग

पेड़ से टकराने के बाद शॉर्ट सर्किट के कारण ट्रेलर के केबिन में आग लग गई। आग से ट्रेलर का केबिन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। आग की चपेट में आने से ट्रेलर में लदी कुछ कारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं।

ग्रामीणों ने धुआं देखकर बुझाई आग

सोमवार सुबह ग्रामीणों ने सड़क से नीचे धुआं उठते देखा और मौके पर पहुंचे। उस समय ट्रेलर से हल्का धुआं निकल रहा था, जिसे ग्रामीणों ने मिट्टी डालकर बुझाया। ट्रेलर का केबिन पूरी तरह जला हुआ था और उसका दरवाजा खुला मिला।

चालक-परिचालक की तलाश, पुलिस कर रही जांच

केबिन का दरवाजा खुला मिलने से आशंका जताई जा रही है कि आग लगने से पहले चालक और परिचालक वाहन से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे होंगे। हालांकि सोमवार सुबह तक दोनों का कोई पता नहीं चल सका था। सूचना मिलने पर महाराष्ट्र पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और निरीक्षण किया। पुलिस चालक और परिचालक की तलाश कर रही है तथा हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने और उसके बाद शॉर्ट सर्किट से आग लगने को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!