खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरेशिक्षा-रोजगार

माई भारत पोर्टल से जुड़कर युवा बनें राष्ट्र निर्माण के सहभागी : डॉ प्रमोद पंडित

बड़वानी। शासकीय आदर्श महाविद्यालय, बड़वानी में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए आयोजित अभिमुखीकरण कार्यक्रम के अंतर्गत माई भारत पोर्टल पर विशेष मार्गदर्शन एवं पंजीयन कार्यशाला का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रमोद पंडित ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व के विकास के लिए माय भारत पोर्टल एक उत्कृष्ट मंच है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रीय सेवा योजना एवं माय भारत पोर्टल के माध्यम से समाजहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता श्री दीपक यादव, जिला युवा अधिकारी, माय भारत,जिला बड़वानी ने विद्यार्थियों को माय भारत पोर्टल की उपयोगिता, ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया तथा युवाओं के लिए उपलब्ध विभिन्न अवसरों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि माय भारत पोर्टल पर युवाओं को स्वयंसेवा, नेतृत्व विकास, कौशल संवर्धन, सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता, नवाचार तथा राष्ट्र निर्माण से जुड़ी विविध गतिविधियों से जोड़ने वाला भारत सरकार का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में पोर्टल पर पंजीयन कर विभिन्न सामाजिक एवं राष्ट्रीय कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी प्रो. आर. आर. मुवेल ने कहा कि NSS और माय भारत पोर्टल का उद्देश्य युवाओं में सेवा, समर्पण, अनुशासन, नेतृत्व एवं राष्ट्रप्रेम की भावना का विकास करना है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से सामाजिक सरोकारों से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला के दौरान मौके पर ही नवप्रवेशित विद्यार्थियों का माय भारत पोर्टल पर पंजीयन भी कराया गया, जिससे विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक डिजिटल माध्यम से राष्ट्रीय युवा गतिविधियों से जुड़ने की पहल की। कार्यक्रम का संचालन प्रो. आर. आर. मुवेल ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन डॉ. अनिल पाटीदार ने व्यक्त किया।कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में नवप्रवेशित विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!