सेंधवा में 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस पर निकलेगी विशाल रैली, आमसभा में सौंपा जाएगा राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन
चतुर्थ प्री-प्लानिंग बैठक में रैली मार्ग, समितियों और आयोजन की तैयारियों को दिया गया अंतिम स्वरूप

जनोदय पंच। सेंधवा के आदिवासी सामुदायिक भवन में विश्व आदिवासी दिवस की चतुर्थ प्री-प्लानिंग बैठक आयोजित हुई। बैठक में 9 अगस्त को विशाल रैली एवं आमसभा आयोजित करने का निर्णय लिया गया। आयोजन की विभिन्न समितियों, रैली मार्ग और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया।
चतुर्थ बैठक में आयोजन की तैयारियों को मिली अंतिम रूपरेखा
सेंधवा स्थित आदिवासी सामुदायिक भवन में विश्व आदिवासी दिवस की प्री-प्लानिंग की चतुर्थ बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 9 अगस्त 2026 को सेंधवा में विश्व आदिवासी दिवस भव्य रूप से मनाया जाएगा। इस अवसर पर विशाल रैली एवं आमसभा का आयोजन होगा, जिसमें क्षेत्रभर से आदिवासी समाज के महिला-पुरुष, युवा एवं बुजुर्ग पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगे। बैठक में आयोजन से संबंधित विभिन्न समितियों एवं व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा कर अंतिम रूप दिया गया।

विश्व आदिवासी दिवस के उद्देश्य पर दी जानकारी
बैठक में विजय सोलंकी ने जानकारी देते हुए बताया कि संयुक्त राष्ट्र संघ (UNO) की महासभा द्वारा 23 दिसंबर 1994 को पारित प्रस्ताव क्रमांक 49/214 के अनुसार प्रतिवर्ष 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस (International Day of the World’s Indigenous Peoples) मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि इस दिवस का उद्देश्य आदिवासी समाज के मानवाधिकारों की रक्षा, जल, जंगल, जमीन एवं खनिज संपदा पर अधिकारों का संरक्षण, आदिवासी अस्मिता, आत्मसम्मान, इतिहास, कला एवं संस्कृति का संवर्धन तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना है।

पारंपरिक वेशभूषा में निकलेगी रैली, आंबेडकर प्रतिमा स्थल पर होगी आमसभा
बैठक में बताया गया कि विश्व आदिवासी दिवस पर समाजजन पारंपरिक वेशभूषा धारण कर मांदल, ढोल, थाली एवं अन्य पारंपरिक लोक वाद्यों के साथ रैली में शामिल होंगे। युवा, महिलाएं और बुजुर्ग पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत करेंगे। रैली मंडी प्रांगण से प्रारंभ होकर किले के अंदर, फोर्ट गार्डन, मौसम चौराहा, मोतीबाग, मस्जिद चौराहा, गुरुद्वारा, झंडा चौक, शिवाजी चौक और मांदल चौक होते हुए डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर प्रतिमा स्थल पहुंचेगी। यहां विशाल आमसभा आयोजित होगी तथा महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
बैठक में विभिन्न समितियों एवं पदाधिकारियों की रही सहभागिता
बैठक में विश्व आदिवासी दिवस समिति, प्रचार-प्रसार समिति, संचालन समिति, वक्ताओं की सूची, वॉलंटियर एवं व्यवस्थापक समिति, ज्ञापन के प्रारूप, रैली मार्ग और मंच व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष गजानन्द ब्राह्मणे, क्षेत्रीय विधायक एवं जयस अध्यक्ष मोंटू सोलंकी, सुखलाल परमार, सिलदार सोलंकी, कैलाश मोरे, रामसिंह भाई, राहुल सोलंकी, भायलाल डावर, प्रश्रराम सेनानी, कानसिंह कनोजे, प्रदीप लोहारे, मंशाराम खरते, शोभाराम पटेल, अमिल डुडवे, प्रताप नरगावे, चीकू सोलंकी, बालकिशन आर्य, कलम अवाया, हुसैन तरोले, सुरेश बडोले सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समाजजन उपस्थित रहे।


