सेंधवा के गवाड़ी हाट-बाजार में आदिवासी संस्कृति की धूम, विश्व आदिवासी दिवस सप्ताह में उमड़ा जनसैलाब
ढोल-मांदल की थाप पर सामूहिक नृत्य, मुस्लिम समाज ने पुष्पवर्षा कर दिया सामाजिक सौहार्द का संदेश

जनोदय पंच। विश्व आदिवासी दिवस सप्ताह के तहत सेंधवा के गवाड़ी हाट-बाजार में पारंपरिक संस्कृति का उत्साह देखने को मिला। हजारों समाजजन ढोल-मांदल की थाप पर लोकनृत्य में शामिल हुए। सेंधवा विधायक मोंटू सोलंकी और समाजसेवी पोरलाल खरते ने भी नृत्य में भाग लिया। 9 अगस्त को सेंधवा में मुख्य आयोजन होगा।
सेंधवा। विश्व आदिवासी दिवस सप्ताह के अंतर्गत गुरुवार को नेशनल हाईवे-52 स्थित गवाड़ी गांव के साप्ताहिक हाट-बाजार में आदिवासी समाज द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रभर से हजारों समाजजन शामिल हुए। पारंपरिक वेशभूषा में युवक-युवतियों, महिलाओं और पुरुषों ने सामूहिक रूप से भाग लेकर आयोजन को उत्साहपूर्ण बनाया।
ढोल-मांदल की थाप पर झूमे समाजजन
कार्यक्रम के दौरान ढोल, मांदल और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज के बीच आदिवासी लोकगीतों तथा डीजे पर प्रस्तुत सांस्कृतिक गीतों पर सामूहिक नृत्य हुआ। पूरे आयोजन में आदिवासी लोक संस्कृति की झलक आकर्षण का केंद्र रही। सेंधवा विधायक मोंटू सोलंकी और समाजसेवी पोरलाल खरते भी कार्यक्रम में शामिल हुए। दोनों ने ग्रामीणों के साथ पारंपरिक आदिवासी नृत्य में भाग लिया। उनकी सहभागिता से समाज के लोगों में विशेष उत्साह दिखाई दिया और बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे के साथ नृत्य कर विश्व आदिवासी दिवस सप्ताह का स्वागत किया।

पुष्पवर्षा से दिया सामाजिक सौहार्द का संदेश
आयोजन के दौरान सामाजिक सौहार्द की मिसाल भी देखने को मिली। मुस्लिम समाज के लोगों ने आदिवासी समाज के सदस्यों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भाईचारे, एकता और आपसी सद्भाव का संदेश दिया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और पूरे आयोजन में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

9 अगस्त को सेंधवा में होगा मुख्य आयोजन
कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। बिजासन चौकी प्रभारी रोहित पाटीदार पुलिस बल के साथ पूरे समय मौजूद रहे। हाईवे पेट्रोलिंग टीम तथा ग्रामीण थाना से एएसआई अनिल दसौंधी और राकेश मालवीय ने यातायात एवं कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाली। आयोजकों के अनुसार, विश्व आदिवासी दिवस का मुख्य आयोजन 9 अगस्त को सेंधवा में होगा। इस अवसर पर विशाल रैली, आमसभा और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें जिलेभर से बड़ी संख्या में समाजजनों के शामिल होने की संभावना है।


