सेंधवा

दीपावली से पहले सेंधवा में प्रशासन की सख्ती, पुलिस और नगर पालिका ने प्रमुख मार्गों से हटाया अतिक्रमण

मुख्य बाजारों में चलाया संयुक्त अभियान, हाथ ठेले व्यवस्थित कर सड़क पर खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहन हटवाए

जनोदय पंच। दीपावली पर शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए सेंधवा पुलिस और नगर पालिका प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान प्रमुख मार्गों से अतिक्रमण हटाया गया और बेतरतीब खड़े वाहनों को व्यवस्थित कराया गया। दुकानदारों को सड़क और फुटपाथ पर सामान नहीं फैलाने की हिदायत दी गई।

प्रमुख मार्गों पर पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त कार्रवाई

आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर शहर में सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने और आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सेंधवा पुलिस और नगर पालिका प्रशासन ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। प्रभारी पुलिस अधीक्षक बड़वानी विनोद कुमार सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर एवं एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में थाना सेंधवा शहर और नगर पालिका की टीम ने शहर के व्यस्त मार्गों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।

पुराना एबी रोड सहित बाजार क्षेत्रों में हटवाया अतिक्रमण

थाना प्रभारी सेंधवा शहर दिनेश सिंह कुशवाह, पुलिस बल तथा नगर पालिका प्रशासन के इंजीनियर विशाल जोशी, सूक्ष्मता निरीक्षक मोहन धामोने और नगर पालिका कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।

अभियान के तहत पुराना एबी रोड पर पुराने बस स्टैंड से भवानी चौक, तिरंगा चौक और मद्रास टायर तक, भवानी चौक से सदर बाजार मार्ग तथा पुराने बस स्टैंड से किला गेट नंबर एक एवं मौसम चौराहे तक कार्रवाई की गई।

इस दौरान सड़क किनारे लगने वाले हाथ ठेलों को व्यवस्थित स्थानों पर स्थानांतरित करवाया गया। वहीं, सड़क पर बेतरतीब ढंग से खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों को हटवाकर उचित पार्किंग स्थलों पर व्यवस्थित कराया गया।

दुकानदारों को सड़क और फुटपाथ पर सामान नहीं फैलाने की हिदायत

कार्रवाई के दौरान संयुक्त टीम ने प्रमुख मार्गों के दोनों ओर स्थित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और दुकानदारों को समझाइश दी। दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे अपनी दुकानों का सामान सड़क या फुटपाथ पर न फैलाएं। यातायात में बाधा उत्पन्न करने अथवा दोबारा अतिक्रमण करने पर नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

प्रशासन ने नागरिकों और व्यापारियों से मांगा सहयोग

थाना सेंधवा शहर पुलिस एवं नगर पालिका प्रशासन ने समस्त व्यापारी बंधुओं और शहर के नागरिकों से अपील की है कि दीपावली पर्व के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू, सुरक्षित और जाम-मुक्त बनाए रखने में प्रशासन का पूरा सहयोग करें।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!