सेंधवा। पुलिस ने चोरी गैंग का किया पर्दाफाश, सेंधवा ग्रामीण क्षेत्र से तीन आरोपी गिरफ्तार
धनौरा चोरी मामले में पुलिस को मिली सफलता, आरोपियों से चांदी के आभूषण बरामद

जनोदय पंच। सेंधवा। बड़वानी जिले में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाली गैंग का पुलिस ने खुलासा किया है। सेंधवा ग्रामीण पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए चांदी के आभूषण सहित करीब एक लाख रुपए का माल बरामद किया है।
धनौरा चोरी मामले में पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर व SDOP अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में चोरी करने वाले अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना सेंधवा ग्रामीण पुलिस टीम ने धनौरा गांव में हुई चोरी की घटना की जांच करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

तीन आरोपियों से चोरी का पूरा माल बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी गए चांदी के कड़े, चेन, गले के हार, बिछिया, गले के लॉकेट और अंगूठियां बरामद की हैं। बरामद सामग्री की कुल कीमत करीब एक लाख रुपए बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में भीमा उर्फ भीमसिंह पिता रतन जाति भीलाला उम्र 41 वर्ष, अशोक उर्फ मुकेश पिता कलसिंह उर्फ दुरसिंह जाति भीलाला उम्र 26 वर्ष और बलीराम पिता दुरसिंह जाति भीलाला उम्र 29 वर्ष निवासी वाक्या शामिल हैं।

पूछताछ में अन्य चोरी की घटनाओं का खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर वारला क्षेत्र और नागलवाड़ी क्षेत्र में चोरी की घटनाएं करना स्वीकार किया है। आरोपियों ने चोरी में सहयोग करने वाले अन्य लोगों के नाम भी बताए हैं। पुलिस द्वारा अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
रेकी कर वारदात को देते थे अंजाम
पुलिस के अनुसार करीब एक माह पूर्व जुलाई में ग्राम धनौरा में फरियादी के घर परिवार के सोने के दौरान अज्ञात चोरों ने शटर तोड़कर घर में प्रवेश किया था और आभूषण चोरी कर ले गए थे। रिपोर्ट के बाद पुलिस ने स्थानीय मुखबिर तंत्र, भौतिक साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से आरोपियों को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी के बाद माल बेचने की फिराक में थे, उससे पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपी एक ही गांव के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार भीमसिंह पहले हत्या के मामले में करीब 10 साल बड़वानी जेल में बंद रहा था। जेल से बाहर आने के बाद उसने अपने साथियों अशोक और बलीराम के साथ गैंग बनाई और अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया।
पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में TI ओपी सिंह चोंगड़े, SI रोहित पाटीदार, ASI केशव यादव, ASI आजम खान, ASI संजय पाटीदार साइबर, HC योगेश पाटिल साइबर, HC बबलु तलवारे, HC पंकज राजोरे, C 160 नीरज शर्मा, C 554 पंकज पुरोहित, C 177 सुनील वास्कले, C नारायण पाटीदार, C 255 लाल सिंह नार्वे और C 324 मड़िया डावर साइबर की सराहनीय भूमिका रही।



