इंदौर में पुलिस का बड़ा ऑपरेशन, रातभर चेकिंग में 1218 बदमाशों पर नजर, 524 पर कार्रवाई
चारों जोन में चले अभियान में वारंट तामील, नशाखोरी और यातायात नियम तोड़ने वालों पर भी हुई कार्रवाई।

जनोदय पंच। इंदौर। अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से शहरभर में विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस ने रातभर सघन चेकिंग, पेट्रोलिंग और निगरानी करते हुए बड़ी संख्या में संदिग्धों की जांच की। अभियान में वारंट तामील, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और यातायात नियम उल्लंघन पर कार्रवाई की गई।
चारों जोन में चला विशेष अभियान
इंदौर पुलिस ने अपराध और अपराधियों पर नियंत्रण के लिए शनिवार रात शहर के चारों जोन में विशेष सरप्राइज चेकिंग और पेट्रोलिंग अभियान चलाया। पुलिस कमिश्नर इंदौर संतोष कुमार सिंह के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में 22 और 23 अगस्त की दरमियानी रात यह कार्रवाई की गई।

पुलिस टीमों ने हॉट स्पॉट, मल्टियों, शेडो एरिया और संवेदनशील इलाकों में पैदल भ्रमण, बाइक पेट्रोलिंग और ड्रोन के माध्यम से निगरानी की। इस दौरान 1218 से अधिक गुंडे-बदमाशों और असामाजिक तत्वों को चेक किया गया।
524 लोगों पर की गई वैधानिक कार्रवाई
अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न मामलों में वांछित आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 275 वारंट तामील कराए। इनमें 85 स्थाई वारंट, 76 गिरफ्तारी वारंट और 114 जमानती वारंट शामिल हैं।
इसके अलावा शराब पीकर वाहन चलाने वाले 147 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से शराब पीने वाले 24 लोगों और अवैध मादक पदार्थों के सेवन के मामले में 3 प्रकरण दर्ज किए गए।

अपराधियों की निगरानी कर दी चेतावनी
पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत 75 बदमाशों और असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई की। अभियान में 210 गुंडे-बदमाश, 86 चाकूबाज, 73 नकबजन, 30 लूट के आरोपी, 130 निगरानी बदमाश और 36 जिलाबदर बदमाशों सहित 565 से अधिक लोगों को चेक किया गया।
पुलिस ने सक्रिय और आदतन अपराधियों को थाने बुलाकर डोजियर भरवाए। साथ ही उन्हें रेड और यलो नोटिस जारी कर दोबारा अपराध करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
यातायात नियम तोड़ने वालों पर भी कार्रवाई
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने ब्लैक फिल्म, हूटर और मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की।



