खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरेसेंधवा

कार्रवाई: सेंधवा में निरीक्षण के दौरान लापरवाही मिली, प्रधान पाठक और अधीक्षक को निलंबित करने के निर्देश

 मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने विकासखंड का किया सघन निरीक्षण, स्कूल, आश्रम और स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाएं देखीं

सेंधवा। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने सेंधवा विकासखंड का सघन निरीक्षण किया। ग्राम कोलकी स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय कोलकी में निरीक्षण के दौरान स्कूल में पाई गई कमियों को लेकर कलेक्टर ने प्रधान पाठक एवं आश्रम के अधीक्षक को निलंबित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विभिन्न शासकीय संस्थानों, आश्रमों, विद्यालयों तथा आयोजित जनविश्वास एवं जनसमस्या निवारण शिविरों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा

मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार आमजनों की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करने के लिए प्रदेशव्यापी अभियान 7 अगस्त से संचालित किया जा रहा है। इसी के तहत बड़वानी जिले में भी अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है।

 

कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने उपस्वास्थ्य केंद्र शाहपुरा के निरीक्षण के दौरान गर्भवती महिलाओं के एएनसी पंजीयन और संभावित प्रसव तिथि की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद सीएचओ और एएनएम से मातृ मृत्यु दर, शिशु मृत्यु दर, टीबी स्क्रीनिंग तथा 70 वर्ष से अधिक आयु के वृद्धजनों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की प्रगति की जानकारी ली।

स्कूल में शैक्षणिक गतिविधियां देखीं, विद्यार्थियों संग किया भोजन

शासकीय उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय चिलारिया के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शैक्षणिक गतिविधियों एवं पाठ्यक्रम की प्रगति देखी। इस दौरान उन्होंने आत्मीयता दिखाते हुए विद्यार्थियों के साथ बैठकर मध्याह्न भोजन भी ग्रहण किया।

इसके पश्चात उन्होंने शासकीय राजा शंकर शाह रघुनाथ शाह बालक आश्रम, चिलारिया का जायजा लिया। यहां मीनू के अनुसार भोजन वितरण और मूलभूत व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन कर संबंधितों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जनविश्वास शिविरों में ग्रामीणों से किया सीधा संवाद

अभियान के तहत शाहपुरा, चिलारिया और कोलकी में आयोजित जनविश्वास एवं जनसमस्या निवारण शिविरों में कलेक्टर ने जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। शिविरों में मुख्य रूप से सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, लाडली बहना योजना तथा खाद उपलब्धता से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!