पानसेमल में गूंजा हर-हर महादेव, बांधारेश्वर से शिवटेकड़ी तक निकली 10 किमी हरियाली कावड़ यात्रा
700 पौधों का वितरण, पवित्र जल से मनकामनेश्वर महादेव का जलाभिषेक; जगह-जगह पुष्प वर्षा से हुआ श्रद्धालुओं का स्वागत

पानसेमल से शंकर सिरसाठ; पानसेमल में सोमवार को सनातन धर्म जागरण समिति के तत्वावधान में हरियाली शिव संकल्प कावड़ यात्रा निकाली गई। बांधारेश्वर महादेव मंदिर से पवित्र जल लेकर श्रद्धालु करीब 10 किलोमीटर पैदल शिवटेकड़ी धाम स्थित कैलाश आश्रम पहुंचे। यात्रा में हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे गूंजे।
मातृशक्ति को बसों से पहुंचाया बांधारेश्वर
सनातन धर्म जागरण समिति पानसेमल के तत्वावधान में आयोजित शिव संकल्प हरियाली कावड़ यात्रा की शुरुआत बांधारेश्वर महादेव मंदिर से हुई। समिति के राम सोनोने ने बताया कि यात्रा की शुरुआत के लिए मातृशक्ति को विशेष रूप से बसों के माध्यम से बांधारेश्वर महादेव मंदिर पहुंचाया गया। यहां से पवित्र जल भरकर शिव भक्तों का जत्था शिवटेकड़ी धाम स्थित कैलाश आश्रम के लिए रवाना हुआ। श्रद्धालुओं ने करीब 10 किलोमीटर की पदयात्रा की।

पुष्प वर्षा से हुआ कावड़ यात्रा का स्वागत
कावड़ यात्रा के पानसेमल नगर पहुंचने पर जगह-जगह ग्रामीणों और नगरवासियों ने पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। इस दौरान पूरा मार्ग बोल बम और हर हर महादेव के जयकारों से गूंजता रहा। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। पदयात्रा पूरी करने के बाद कैलाश आश्रम में विराजमान मनकामनेश्वर महादेव का बांधारेश्वर से लाए गए पवित्र जल से भव्य जलाभिषेक किया गया।

रास्ते में पेयजल और प्रसादी की व्यवस्था
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा के लिए अमित ड्रिंकिंग वॉटर द्वारा रास्ते भर पदयात्रियों को शुद्ध पेयजल की निःशुल्क सेवा दी गई। वहीं सभी श्रद्धालुओं को केले और साबूदाने की खिचड़ी की प्रसादी वितरित की गई। इस पावन अवसर पर मातृशक्ति, दुर्गा वाहिनी, शिव भक्त और बड़ी संख्या में ग्रामीण भक्तगण उपस्थित रहे।

700 पौधों का किया वितरण
हरियाली शिव संकल्प कावड़ यात्रा की खास बात पर्यावरण संरक्षण का संदेश रहा। समिति ने इस कावड़ यात्रा को हरियाली शिव संकल्प नाम दिया। कार्यक्रम के दौरान लगभग 700 पौधों का वितरण किया गया। शिव भक्तों ने संकल्प लिया कि वे महादेव की तरह ही धरती को भी हरा-भरा रखेंगे। आयोजक सनातन धर्म जागरण समिति पानसेमल ने सभी भक्तों, सहयोगकर्ताओं और नगरवासियों का आभार व्यक्त किया।



