खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे

बड़वानी में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3000 किलो महुआ लहान नष्ट

नर्मदा तटीय और ग्रामीण क्षेत्रों में दबिश देकर शराब बनाने की भट्ठियां ध्वस्त कीं, दो थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई

जनोदय पंच। बड़वानी में अवैध शराब के निर्माण, विक्रय और परिवहन के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान जारी है। अभियान के तहत नर्मदा तटीय और ग्रामीण क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए अवैध शराब निर्माण की भट्ठियां ध्वस्त की गईं और बड़ी मात्रा में महुआ लहान मौके पर नष्ट किया गया।

जहरीली शराब की घटना के बाद अभियान तेज

हाल ही में सागर जिले में जहरीली शराब से हुई दुखद घटना के दृष्टिगत जिला पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के सख्त निर्देशों पर बड़वानी पुलिस द्वारा अवैध शराब के निर्माण, विक्रय और परिवहन के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस महेश सुनैया के मार्गदर्शन में थाना अंजड़ और थाना बड़वानी पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।

ग्राम सजवाय में 2000 किलो महुआ लहान नष्ट

थाना प्रभारी अंजड़ को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम सजवाय में नर्मदा नदी के किनारे दबिश दी। मौके पर 20 प्लास्टिक ड्रमों में रखा लगभग 2000 किलोग्राम महुआ लहान मिला। इसकी अनुमानित कीमत 2 लाख रुपए बताई गई। पुलिस ने पंचों के समक्ष विधिवत कार्रवाई करते हुए महुआ लहान को मौके पर ही नष्ट कर पंचनामा तैयार किया।

नानी बड़वानी में भट्ठियां ध्वस्त

इसी क्रम में थाना बड़वानी पुलिस टीम ने ग्राम नानी बड़वानी में अवैध शराब निर्माण के ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब बनाने की भट्ठियों को नष्ट किया तथा करीब 1000 लीटर महुआ लहान, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख रुपए बताई गई, मौके पर ही बहाकर नष्ट किया।

अभियान लगातार जारी रखने की बात

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार में लिप्त असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त अभियान निरंतर जारी रहेगा। उक्त त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई में थाना प्रभारी अंजड़, थाना बड़वानी तथा दोनों थानों के पुलिस बल की सराहनीय भूमिका रही।

एक दिन में 39 प्रकरणों में कार्रवाई

उल्लेखनीय है कि 8 सितंबर 2026 को विशेष अभियान के तहत अवैध शराब के विरुद्ध 39 प्रकरणों में 39 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 421 लीटर अवैध शराब, जिसकी कीमत करीब 46,420 रुपए बताई गई, जब्त की गई। साथ ही 9,100 किलोग्राम महुआ लहान, जिसकी कीमत करीब 9 लाख 10 हजार रुपए बताई गई, नष्ट किया गया।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!