इंदौरमुख्य खबरे

इंदौर में सांची पॉइंट पर स्टीमर ब्लास्ट, गर्म मावा उछलने से कर्मचारी की मौत; दूसरा गंभीर घायल

मांगलिया स्थित सांची दुग्ध संघ की पेड़े यूनिट में हादसा, मंत्री तुलसीराम सिलावट ने अस्पताल पहुंचकर घायल का हाल जाना

जनोदय पंच। इंदौर के मांगलिया स्थित सांची दुग्ध संघ की पेड़े बनाने वाली यूनिट में शुक्रवार शाम हादसा हुआ। घटना में दो कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हुए। गर्म मावा उछलने से विनोद कुमार चडार की मौत हो गई, जबकि तेज सिंह का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

स्टीमर में ब्लास्ट के बाद गर्म मावा उछला

एसीपी पराग सैनी के मुताबिक, मांगलिया इलाके में सांची दुग्ध संघ में शुक्रवार शाम पेड़े बनाने की यूनिट में हादसा हुआ। इसमें दो कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि ज्यादा गर्म होने से स्टीमर में ब्लास्ट हुआ, जिसके बाद पेड़े बनाने की कड़ाही का गर्म मावा कर्मचारियों पर उछल गया।

हादसे में विनोद कुमार चडार, निवासी सागर, की मौत हो गई, जबकि तेज सिंह पुत्र सज्जन सिंह, निवासी सिंगापुर टाउनशिप, गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने विनोद के शव को बॉम्बे अस्पताल भेजा है। वहीं, तेज सिंह का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

मंत्री सिलावट ने घायल का जाना हाल

जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने मांगलिया में हुई दुर्घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए शोक व्यक्त किया। उन्होंने बॉम्बे हॉस्पिटल पहुंचकर दुर्घटना में घायल आष्टा निवासी तेजसिंह के स्वास्थ्य की जानकारी ली।

मंत्री सिलावट ने चिकित्सकों से चर्चा कर घायल को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घायल का निःशुल्क उपचार कराया जाएगा। मंत्री सिलावट ने बताया कि दुर्घटना में मृत सागर निवासी विनोद कुमार चढ़ार के परिजन को मुख्यमंत्री सहायता कोष से 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।

भाप ज्यादा होने से कढ़ाई पलटने की बात

सांची संघ के सीईओ विशाल मिश्रा ने बताया कि यह एक हादसा है, जहां भाप ज्यादा होने से कढ़ाई अचानक पलट गई। इसमें दो कर्मचारी घायल हुए थे। हालांकि, हादसे में एक कर्मचारी की मौत हो चुकी है, वहीं दूसरे का उपचार बॉम्बे अस्पताल में चल रहा है। हादसे के समय अन्य कर्मचारी भी वहां मौजूद थे, लेकिन किसी को चोट नहीं आई।

लापरवाही से सीईओ ने किया इनकार

सीईओ विशाल मिश्रा ने सांची दूध संघ में लापरवाही की बात से इनकार किया है। उनका कहना है कि हर माह मशीनों का मेंटेनेंस किया जाता है। पूर्व में किसी कर्मचारी द्वारा किसी तरह की लापरवाही या मशीन पुरानी होने की शिकायत नहीं की गई थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!