इंदौर में अधिकारियों की समझाइश के बाद सफाई फिर शुरू, निगम का पूरा अमला मैदान में उतरा
सुबह 6 बजे से आयुक्त क्षितिज सिंघल ने किया मैदानी निरीक्षण, सफाई मित्रों और अधिकारियों ने संभाली व्यवस्था

जनोदय पंच। पिछले कुछ दिनों से सफाईकर्मियों के काम नहीं करने के बाद अधिकारियों की समझाइश से आज से सफाई व्यवस्था फिर शुरू हुई। सुबह से निगम का अमला मैदान में सक्रिय रहा। सफाई मित्रों के साथ डोर-टू-डोर और अन्य वाहन भी सफाई व्यवस्था में जुटे रहे।
सुबह से मैदान में सक्रिय रहा निगम अमला
आज सुबह 6 बजे से आयुक्त क्षितिज सिंघल ने मैदानी निरीक्षण शुरू किया। सफाई व्यवस्था को लेकर निगम का पूरा अमला मैदान में रहा। सफाई मित्रों समेत डोर-टू-डोर और अन्य वाहन भी विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय रहे।

अपर आयुक्त, स्वास्थ्य अधिकारी और जोनल अधिकारी सफाई व्यवस्था की लगातार निगरानी कर रहे हैं। अधिकारियों को सफाई व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
कर्मचारी संगठनों और वाल्मीकि समाज पंचायत ने बढ़ाया हौसला
सफाई मित्रों का हौसला बढ़ाने के लिए कर्मचारी संगठनों और वाल्मीकि समाज पंचायत के पदाधिकारी भी मैदान में रहे। उनके द्वारा सफाई मित्रों का हौसला बढ़ाया जा रहा है।

निगम का दावा, व्यवस्था सुचारु
निगम का दावा है कि पूरे शहर में सफाई व्यवस्था सुचारु रूप से जारी है। अधिकारियों द्वारा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
महापौर ने कहा कि इंदौर के सफाई मित्रों की ताकत से इंदौर लगातार नंबर वन रहता है। कुछ मांगों को लेकर हड़ताल की घोषणा की गई थी। उनकी उचित मांगें पूरी हों, यह हमारी जिम्मेदारी भी है।
उन्होंने कहा कि सड़क पर कचरा फैलाने का काम जो असामाजिक तत्वों ने किया, वह निंदनीय है। कर्मचारियों की उचित मांगों को उचित स्थान पर पहुंचाने का काम हम करेंगे। बुधवार को ही पंचायतों और यूनियन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर मामले में निराकरण निकाला गया था।



