इंदौरअपराध

इंदौर के विजय नगर में छात्रों से मारपीट का मामला, वायरल वीडियो के बाद मकान मालिक पक्ष पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

कमरे से आ रही आवाज को लेकर हुआ विवाद, पुलिस ने दोनों पक्षों की काउंसलिंग कर भविष्य में विवाद नहीं करने की दी समझाइश

जनोदय पंच। इंदौर के विजय नगर क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहे दो छात्रों और मकान मालिक पक्ष के बीच विवाद के बाद मारपीट की स्थिति बनी। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया। दोनों पक्षों पर कार्रवाई की गई।

कमरे से आ रही आवाज को लेकर हुआ विवाद

मामला इंदौर के विजय नगर थाना क्षेत्र का है। देवास के खातेगांव निवासी दो छात्र किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। बुधवार रात दोनों छात्र अपने दोस्तों के साथ कमरे में हंसी-मजाक कर रहे थे। इसी दौरान कमरे से आ रही आवाज को लेकर मकान मालिक पक्ष से विवाद हो गया। विजय नगर पुलिस के मुताबिक, खातेगांव निवासी दिशांत स्कीम नंबर 74 में रवि वर्मा के मकान में किराए से रहता है। विवाद के दौरान मकान मालिक रवि वर्मा और उसके भतीजों ने दिशांत के साथ मारपीट की। घटना का रात करीब 1 बजे वीडियो भी सामने आया है।

बहस के बाद मारपीट की स्थिति बनी

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, आवाज सुनकर मकान मालिक की पत्नी नीचे आईं और छात्रों से बहस होने लगी। इस दौरान छात्रों पर मकान में सामान तोड़ने का आरोप भी लगाया गया। विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट की स्थिति बन गई।

सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद जांच

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया और जांच की। पुलिस के मुताबिक, दोनों छात्र पढ़ाई कर रहे हैं और उनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है।

दोनों पक्षों की काउंसलिंग, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

पुलिस ने थाने पर दोनों पक्षों की काउंसलिंग की। इसके बाद दोनों पक्षों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस ने भविष्य में विवाद नहीं करने की समझाइश दी है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!