बड़वानी में किशोर स्वास्थ्य दिवस पर शिविर आयोजित, विद्यार्थियों की रक्त, नेत्र और दंत जाँच कर विशेषज्ञों ने किया जागरूक
सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत पोषण, एनीमिया से बचाव, मातृत्व और महिला स्वास्थ्य पर विशेषज्ञों ने दी जानकारी, युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील

जनोदय पंच। सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत शासकीय आदर्श महाविद्यालय बड़वानी में किशोर स्वास्थ्य दिवस पर स्वास्थ्य जागरूकता, रक्त, नेत्र एवं दंत परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पोषण, एनीमिया से बचाव, स्वच्छता, मातृत्व और महिला स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।
प्राचार्य डॉ. प्रमोद पंडित के मार्गदर्शन और जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे.पी. ठाकुर के सहयोग से आयोजित यह कार्यक्रम राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो), रेड रिबन क्लब एवं जीव विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
प्राचार्य डॉ. प्रमोद पंडित ने स्वागत संदेश में कहा कि स्वस्थ युवा ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला हैं। किशोरावस्था जीवन का महत्वपूर्ण चरण है। इस दौरान सही पोषण, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, स्वच्छता और समय पर स्वास्थ्य परीक्षण का विशेष महत्व है।
स्वास्थ्य परीक्षण और संतुलित पोषण पर जोर
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री आर.एस. जमरे, डीआईसी प्रबंधक ने कहा कि किशोरावस्था में स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता आवश्यक है। विद्यार्थियों को नियमित स्वास्थ्य जाँच करवाने के साथ संतुलित एवं पौष्टिक आहार को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि रक्त, नेत्र एवं दंत परीक्षण शिविर बीमारियों की समय रहते पहचान और उचित परामर्श प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विशेष अतिथि डॉ. लखन गांगले, कोऑर्डिनेटर ने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, शिक्षा, पारिवारिक जीवन और भविष्य की प्रगति में बाधक है। स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण के लिए युवाओं का नशामुक्त रहना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने मित्रों तथा समाज के अन्य युवाओं को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की।

विशेषज्ञों ने दी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी
कार्यक्रम में डॉ. मोनिका मुकाती, डॉ. उमा गोस्वामी, दंत चिकित्सक डॉ. दीपक सोनी, नेत्र चिकित्सक टीना डावर, सुनीता बर्मन एएनएम, सचिन धनगर फार्मासिस्ट, डॉ. सुनीता चौहान एवं आरकेएसके परामर्शदाता सहित स्वास्थ्य विभाग की विशेषज्ञ टीम ने सहभागिता की।
स्वास्थ्य टीम ने विद्यार्थियों की रक्त, नेत्र एवं दंत संबंधी जाँच की और आवश्यक परामर्श दिया। विशेषज्ञों ने किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों, संतुलित पोषण, एनीमिया से बचाव, स्वच्छता, महिला स्वास्थ्य, मातृत्व संबंधी जागरूकता और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।
संवाद सत्र में विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, पौष्टिक आहार लेने और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित पोषण और रोगों की समय रहते पहचान के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।

रासेयो और रेड रिबन क्लब के सदस्यों की सहभागिता
कार्यक्रम का मंच संचालन प्रो. आर.आर. मुवेल, कार्यक्रम अधिकारी रासेयो एवं रेड रिबन क्लब प्रभारी ने किया। डॉ. अनिल पाटीदार, नोडल अधिकारी करियर सेल ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर डॉ. दिनेश कुमार पाटीदार, प्रशासनिक अधिकारी, डॉ. गीतांजलि दसौंधी, डॉ. सुनीता सोलंकी, डॉ. रेवाराम मंडलोई, डॉ. रितेश भावसार, डॉ. अलकेश मुवेल, डॉ. ओमना सेनानी, डॉ. ममता किराड़े और डॉ. पूजा मंडलोई सहित महाविद्यालय एवं स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ उपस्थित रहा।
रेड रिबन क्लब के अध्यक्ष शिवम मुजाल्दा, वैष्णवी तोमर, सचिव सीमा अलावा, अश्विनी अवाश्या, घीसा लाल अलावा, तमन्ना निहाले सहित स्वयंसेवक और विद्यार्थी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। आयोजन के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता को जनसेवा से जोड़ने की दिशा में पहल की गई।




