बड़वानी ; मुख्यमंत्री के दौरे से पहले सुरक्षा रिहर्सल पूरी, बड़वानी पुलिस ने कसी कमर, 14 नवंबर को पानसेमल के मोरतलाई में होगा मुख्यमंत्री का आगमन
मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व पुलिस विभाग ने सुरक्षा तैयारियों की मॉक ड्रिल की, एसपी जगदीश डावर के निर्देशन में सभी व्यवस्थाओं का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया।

पानसेमल- बड़वानी। रमन बोरखड़े। जनजातीय गौरव दिवस पर 14 नवंबर को मुख्यमंत्री मोहन यादव के मोरतलाई आगमन को लेकर पुलिस विभाग ने गुरुवार को सुरक्षा तैयारियों की रिहर्सल की। एसपी जगदीश डावर के निर्देशन में कार्यक्रम स्थल, हेलिपैड, मार्ग और ट्रैफिक नियंत्रण की विस्तृत समीक्षा की गई।
बड़वानी जिले के पानसेमल विकासखंड के ग्राम मोरतलाई में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को लेकर पुलिस विभाग ने सुरक्षा तैयारियों की व्यापक रिहर्सल की। पुलिस अधीक्षक जगदीश डावर के निर्देशन में यह रिहर्सल आयोजित की गई, जिसमें मुख्यमंत्री के आगमन से लेकर कार्यक्रम समापन तक की संपूर्ण प्रक्रिया का अनुकरण किया गया। एसपी डावर ने मौके पर सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को विस्तृत ब्रीफिंग दी और उन्हें उनके निर्धारित कर्तव्य स्थलों पर रवाना किया।
एसपी ने दिए दिशा-निर्देश
जगदीश डावर ने हेलिपैड, कार्यक्रम स्थल, मंच, आमजन हेतु निर्धारित मार्ग और पार्किंग स्थल सहित सभी सुरक्षा बिंदुओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि “हर स्तर पर सजगता और समन्वय आवश्यक है। यह कार्यक्रम जिले के लिए गर्व का अवसर है। सुरक्षा, शालीनता और समयबद्धता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकताएँ हैं।”

सुरक्षा दल की मॉक ड्रिल पूरी
रिहर्सल के दौरान पुलिस बल को उनके निर्धारित प्वाइंट्स पर तैनात कर सघन ब्रीफिंग दी गई। हेलिपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक मार्ग व्यवस्था और ट्रैफिक नियंत्रण की समीक्षा की गई। साथ ही आपात स्थिति से निपटने हेतु अग्निशमन और चिकित्सा दल की तत्परता का परीक्षण किया गया। मॉक ड्रिल के माध्यम से आकस्मिक परिस्थिति में त्वरित कार्रवाई की रणनीति भी परखी गई।
रिहर्सल के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, एसडीओपी राजपुर आयुष अलावा, एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे, डीएसपी महिला सुरक्षा महेश सुनैया, रक्षित निरीक्षक चेतन बघेल सहित समस्त पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
जनोदय पंच समाचार नेटवर्क से जुड़ें
मप्र के सभी जिलों एवं तहसील स्तर पर जनोदय पंच समाचार पत्र, न्यूज़ चैनल और वेब पोर्टल के लिए संवाददाता नियुक्त किए जा रहे हैं। इच्छुक व्यक्ति हमसे संपर्क करें —
सबसे तेज़, सबसे विश्वसनीय, मप्र और आदिवासी अंचल की धड़कन – जनोदय पंच



