सेंधवा

झापड़ीमली में आयोजित हुई आवास चौपाल, आगामी 3 माह में 580 आवास पूर्ण कराने का लक्ष्य

सेंधवा। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत आवासों को समय-सीमा में पूर्ण कराने के उद्देश्य से जनपद पंचायत सेंधवा की ग्राम पंचायत झापड़ीमली में आवास चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में अधिकारियों ने आवास हितग्राहियों से सीधा संवाद कर निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने हेतु प्रेरित किया।

उल्लेखनीय है कि ग्राम पंचायत झापड़ीमली में वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में कुल 580 आवास स्वीकृत हुए हैं, जो वर्तमान में निर्माणाधीन हैं। इन सभी आवासों को आगामी 3 माह में पूर्ण कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस दौरान अधिकारियों ने हितग्राहियों से आवास निर्माण की प्रगति की जानकारी ली तथा निर्माण में आ रही समस्याओं के निराकरण हेतु आवश्यक मार्गदर्शन दिया। साथ ही हितग्राहियों के बैंक खातों में डीबीटी (DBT) से संबंधित समस्याओं का भी निराकरण किया गया।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की स्व-सहायता समूह की दीदियों ने सहभागिता कर हितग्राहियों को आवास निर्माण शीघ्र पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया। वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपस्थित ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया।

आवास चौपाल में जनपद पंचायत सेंधवा की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री नीलम रायकवार, विकासखंड आवास प्रभारी श्री कृष्णा बिरारे, आजीविका मिशन के ब्लॉक प्रबंधक श्री याकूब मंसूरी, श्रीमती दुर्गा पवार, उर्मिला खरते और आजीविका मिशन की बैंक सखियाँ तथा ग्राम पंचायत सरपंच उपसरपंच, पंच, पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, पटवारी, उपयंत्री, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं,समूह की महिलाएं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

आवास चौपाल के माध्यम से प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक पात्र हितग्राही को पक्के आवास का लाभ दिलाना तथा स्वीकृत आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!