जैन नववर्ष पर श्रद्धा और उत्साह के साथ खुले मंदिर के पट, सेठिया परिवार बना द्वार उद्घाटन का लाभार्थी
प्रतापगंज स्थित जैन मंदिर में विधि-विधान से हुआ द्वार उद्घाटन, समाजजनों ने भगवान आदिनाथ, सुमतिनाथ और शांतिनाथ के दर्शन-वंदन कर की नववर्ष की शुरुआत।

रमन बोरखड़े। जनोदय पंच। सेंधवा। प्रतापगंज स्थित जैन मंदिर में कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा पर जैन नववर्ष का शुभारंभ धार्मिक परंपराओं के अनुसार किया गया। सुबह सकल जैन संघ ने शोभायात्रा के रूप में मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पट खोले। इस अवसर पर समाजजनों ने पूजा-अर्चना कर एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।
जवाहरगंज से मंदिर तक पहुंचे समाजजन
मंगलवार को नूतन वर्ष के अवसर पर प्रतापगंज स्थित जैन मंदिर का द्वार उद्घाटन बड़े श्रद्धा भाव और उत्साह के साथ हुआ। सुबह 5:30 बजे द्वार उद्घाटन के लाभार्थी परिवार मातुश्री शांताबेन कल्याणजी शामजी सेठिया परिवार के जवाहरगंज स्थित निवास पर समाजजन एकत्रित हुए। यहां से सकल जैन संघ के लोग एबी रोड होते हुए प्रतापगंज स्थित जैन मंदिर पहुंचे। इसके बाद विधि-विधान से मंदिर के पट खोले गए।
इस अवसर पर सेठिया परिवार ने मंदिर में उपयोग होने वाली वस्तुएं अर्पित कीं। सकल जैन समाज के सदस्यों ने मंदिर पहुंचकर भगवान आदिनाथ, सुमतिनाथ और शांतिनाथ के दर्शन-वंदन एवं चैत्यवंदन किया।

भगवान महावीर के निर्वाण और गौतम गणधर के केवलज्ञान से जुड़ी परंपरा
समाज के मीडिया प्रभारी नीलेश जैन ने बताया कि जैन समाज में दिवाली के अगले दिन मंदिर का द्वार उद्घाटन करने की परंपरा का गहरा धार्मिक महत्व है। दिवाली की रात भगवान महावीर स्वामी को पावापुरी में निर्वाण प्राप्त हुआ था। इस रात जैन मंदिरों में निर्वाण महोत्सव मनाया जाता है।
उन्होंने बताया कि दिवाली के अगले दिन कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा को भगवान महावीर के प्रमुख शिष्य गौतम गणधर को केवलज्ञान प्राप्त हुआ था। इसी खुशी में सुबह मंदिरों के द्वार खोले जाते हैं। इस परंपरा को द्वार उद्घाटन कहा जाता है।

वीर संवत् का भी होता है शुभारंभ
मीडिया प्रभारी नीलेश जैन ने बताया कि इसी दिन से जैन नववर्ष यानी वीर संवत् की शुरुआत होती है। इस दिन समाजजन नए कपड़े पहनकर मंदिर में दर्शन करते हैं और गौतम स्वामी की पूजा-अर्चना कर नए साल का शुभारंभ करते हैं। जैन समाज के लिए दिवाली निर्वाण की रात और अगला दिन ज्ञान के प्रकाश एवं नए वर्ष की शुरुआत का प्रतीक है। इसी भाव के साथ मंदिर के पट खोलकर नववर्ष का स्वागत किया जाता है।
समाज के पदाधिकारी और मंडलों के सदस्य रहे उपस्थित
द्वार उद्घाटन के अवसर पर श्वेतांबर मूर्तिपूजक संघ के अध्यक्ष गिरीश लालका, कोषाध्यक्ष अशोक जैन, संरक्षक दीपक लालका, राजेंद्र मोमाया, परेश सेठिया, विजय जैन, डॉ. किंशुक लालका, सुरेश बागरेचा, दीपक जैन, चेतन लालका, गिरीश नागड़ा, अभय जैन, प्रेम नागड़ा, पंकज शाह, जय सेठिया, कमलेश देसाई, शुभ सेठिया, मीत जैन और मयंक मोमाया उपस्थित थे। इसके साथ ही आदिनाथ महिला मंडल एवं प्रेरणा बहु मंडल के सदस्य भी शामिल हुए। समाजजनों ने एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और मंदिर में पूजा-अर्चना की।



