22 साल बाद फिर सजे स्कूल के आंगन में यादों के रंग, गुरुजनों का हुआ सम्मान

बलवाड़ी। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बलवाड़ी में कक्षा 9वीं सत्र 2004-2005 के पूर्व विद्यार्थियों द्वारा 22 वर्षों बाद शिक्षक सम्मान एवं छात्र मिलन समारोह का भावपूर्ण आयोजन किया गया। वर्षों बाद एक-दूसरे से मिलकर पुराने विद्यार्थियों और गुरुजनों के चेहरे खुशी से खिल उठे। विद्यालय परिसर एक बार फिर पुरानी यादों, अपनत्व और स्नेह से सराबोर हो गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के पूर्व प्राचार्य श्री जी.पी. व्यास सर सहित पूर्व शिक्षक श्री रामकृष्ण पाटिल सर, श्री आशीष श्रीवास सर, श्री राम सोनवने सर, श्री गुमान सिंह डावर सर एवं श्री सुवालाल आर्य सर विशेष रूप से उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने सभी गुरुजनों का पुष्पमाला एवं सम्मान के साथ अभिनंदन किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर पूर्व विद्यार्थियों ने अपने विद्यालयीन जीवन की यादें साझा कीं। किसी ने कक्षा के पुराने किस्से सुनाए तो किसी ने शिक्षकों द्वारा दी गई सीख और मार्गदर्शन को अपने जीवन की सफलता का आधार बताया। गुरुजनों ने भी विद्यार्थियों को जीवन में निरंतर आगे बढ़ने, संस्कारों को बनाए रखने और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में नितीश श्रीवास्तव, संतोष सोनोने, गणेश चौहान, दारा सिंह चौहान, शीतल, दीपिका, पायल एवं प्रमिला सहित अन्य पूर्व विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का कुशल संचालन नवनीत पाटिल द्वारा किया गया। समारोह के दौरान सभी ने एक-दूसरे के साथ पुराने दिनों की यादें ताजा कीं और इस तरह के आयोजन भविष्य में भी निरंतर करने का संकल्प लिया।
22 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद आयोजित यह मिलन समारोह केवल एक पुनर्मिलन नहीं, बल्कि गुरु-शिष्य परंपरा, मित्रता और जीवनभर कायम रहने वाले रिश्तों का सुंदर उदाहरण बन गया।
वक्त बदल गया, उम्र बदल गई, लेकिन गुरुजनों के प्रति सम्मान और दोस्तों के प्रति अपनापन आज भी वैसा ही है।



