बड़वानी में युवा उत्सव: भारतीय ज्ञान परंपरा को बताया विश्व कल्याण का मार्ग, मोबाइल के उपयोग पर भी हुई तीखी बहस
वक्तृता, वाद-विवाद और प्रश्न मंच प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर; सांस्कृतिक विधाओं के विजेताओं के नाम भी घोषित

जनोदय पंच। बड़वानी। शासकीय आदर्श महाविद्यालय बड़वानी में आयोजित युवा उत्सव के अंतर्गत साहित्यिक विधाओं की विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें वक्तृता (भाषण), वाद-विवाद तथा मौखिक एवं लिखित प्रश्न मंच प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर अपनी बौद्धिक क्षमता, तार्किक चिंतन, अभिव्यक्ति कौशल और सामान्य ज्ञान का परिचय दिया।
भारतीय ज्ञान परंपरा को बताया विश्व कल्याण का आधार
वक्तृता प्रतियोगिता का विषय ‘भारतीय ज्ञान परंपरा : विश्व कल्याण का मार्ग’ रखा गया। इस विषय पर विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति, दर्शन, अध्यात्म, योग, आयुर्वेद, वसुधैव कुटुंबकम् तथा प्रकृति के साथ संतुलित जीवनशैली जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने कहा कि वर्तमान समय में विश्व जलवायु परिवर्तन, पर्यावरण संकट, युद्ध, तनाव, मानसिक अशांति और सामाजिक असंतुलन जैसी अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे में भारतीय ज्ञान परंपरा में निहित सह-अस्तित्व, सर्वे भवन्तु सुखिनः, अहिंसा, प्रकृति संरक्षण और समग्र जीवन दृष्टि वैश्विक समस्याओं के समाधान का श्रेष्ठ विकल्प प्रस्तुत करती है। भारतीय ज्ञान परंपरा केवल भारत ही नहीं, बल्कि संपूर्ण विश्व के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करने में सक्षम है।

मोबाइल के उपयोग और दुरुपयोग पर विद्यार्थियों ने रखे तर्क
वाद-विवाद प्रतियोगिता का विषय ‘मोबाइल फोन युवाओं की एकाग्रता को प्रभावित कर रहा है’ रखा गया। प्रतियोगिता में पक्ष और विपक्ष के प्रतिभागियों ने प्रभावशाली तर्क प्रस्तुत किए। पक्ष में बोलते हुए विद्यार्थियों ने कहा कि मोबाइल फोन का अत्यधिक उपयोग युवाओं की एकाग्रता, अध्ययन क्षमता और समय प्रबंधन को प्रभावित कर रहा है। सोशल मीडिया, ऑनलाइन गेमिंग और अनावश्यक सूचनाओं के कारण युवा अपने लक्ष्य से भटक रहे हैं। एक प्रतिभागी ने मोबाइल के अनियंत्रित उपयोग को अंधे कुएं की संज्ञा देते हुए कहा कि इसमें युवा जितना अधिक डूबता है, उतना ही अपने वास्तविक उद्देश्यों से दूर होता जाता है।

वहीं, विपक्ष में प्रतिभागियों ने मोबाइल फोन को आधुनिक तकनीकी युग में ज्ञान-विज्ञान का महत्वपूर्ण सहभागी बताया। उन्होंने कहा कि मोबाइल के माध्यम से विद्यार्थी देश-दुनिया की नवीनतम जानकारियां प्राप्त कर सकते हैं। ऑनलाइन शिक्षा, डिजिटल पुस्तकालय, शोध सामग्री और विभिन्न शैक्षणिक प्लेटफॉर्म ने ज्ञान प्राप्ति को सरल बनाया है। आवश्यकता मोबाइल से दूरी बनाने की नहीं, बल्कि उसके विवेकपूर्ण एवं सकारात्मक उपयोग की है।
प्रश्न मंच में भारतीय संस्कृति और दर्शन से जुड़े सवाल
मौखिक एवं लिखित प्रश्न मंच प्रतियोगिताओं में भारतीय ज्ञान परंपरा, भारतीय संस्कृति, वेद, उपनिषद, रामायण, महाभारत, योग, आयुर्वेद, भारतीय दर्शन एवं महान ऋषि-मुनियों के योगदान पर आधारित प्रश्न पूछे गए। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी ज्ञान क्षमता का प्रदर्शन किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रमोद पंडित के मार्गदर्शन में युवा उत्सव की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। डॉ. बी.एस. मुजाल्दा एवं डॉ. दिनेश पाटीदार के निर्देशन में विभिन्न विधाओं का आयोजन किया जा रहा है। साहित्यिक विधाओं का संपादन प्रभारी डॉ. ओमना सैनानी, डॉ. डी.आर. मुजाल्दा एवं डॉ. लखन परमार द्वारा किया गया। प्रतियोगिताओं में निर्णायक के रूप में शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय के व्याख्याता श्री तरुण सोलंकी एवं शासकीय विधि महाविद्यालय के डॉ. सुनील कुल्हारे उपस्थित रहे।
विजेताओं को जिला स्तरीय युवा उत्सव में मिलेगा मौका
युवा उत्सव प्रभारी डॉ. अनिल पाटीदार ने बताया कि युवा उत्सव के आगामी चरण में रूपांकन विधा के अंतर्गत रंगोली, पोस्टर, कोलाज सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन अलग-अलग विषयों एवं थीम पर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि साहित्यिक विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को जिला स्तरीय युवा उत्सव में महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
सांस्कृतिक विधा में एकल गायन में शीतल बंडोड, समूह गायन में कोमल अहिरवार का समूह प्रथम रहा। समूह नृत्य में सारिका धनगर के समूह ने तथा नाट्य मंचन में दुर्गेश्वरी अर्पिता की टीम विजेता रही। साहित्यिक प्रतियोगिताओं में वक्तृता में अर्पिता सोलवानी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वाद-विवाद प्रतियोगिता में पक्ष की ओर से आर्यन शर्मा तथा विपक्ष की ओर से अर्पिता सोलवानी प्रथम रहे। वहीं, प्रश्न मंच प्रतियोगिता में रितेश मेहरा एवं निशा प्रजापत के दल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्राचार्य एवं प्राध्यापकों ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
युवा उत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, ज्ञान परंपरा और समसामयिक विषयों पर चिंतन करने का अवसर प्राप्त हो रहा है।



