सेंधवामुख्य खबरेशिक्षा-रोजगार

सेंधवा के एससी कन्या छात्रावास में मनाया जनजातीय गौरव दिवस, बिरसा मुंडा जयंती पर अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा

छात्राओं ने भाषण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और रंगोलियों से किया भगवान बिरसा मुंडा को याद, निरीक्षण में भोजन, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था की हुई जांच

जनोदय पंच। सेंधवा के जूनियर अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई गई। इस दौरान छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और रंगोलियों के माध्यम से उन्हें याद किया। कार्यक्रम के बाद अधिकारियों ने छात्रावास की व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया।

सेंधवा के स्थानीय जूनियर अनुसूचित जाति (एससी) कन्या छात्रावास में 16 नवंबर को आदिवासी जननायक और ‘धरती आबा’ भगवान बिरसा मुंडा की जयंती उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ अंतिम बाला शर्मा ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य नीता बंड़ोड, अधीक्षिका क्रांति हरसोला, अतिथियों और छात्राओं ने स्वतंत्रता संग्राम में भगवान बिरसा मुंडा के योगदान तथा जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए किए गए उनके संघर्ष को नमन किया।

छात्राओं ने भाषण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दी श्रद्धांजलि

कार्यक्रम में छात्रावास की छात्राओं ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन दर्शन, अदम्य साहस और आदिवासी संस्कृति पर आधारित प्रेरणादायक भाषण एवं प्रस्तुतियां दीं। छात्राओं ने कहा कि बिरसा मुंडा का जीवन साहस, स्वावलंबन और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा देता है।

अंतिम बाला शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन केवल आदिवासियों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणा का स्रोत है। कम उम्र में अंग्रेजों के खिलाफ हुंकार भरकर समाज को एकजुट करने का उनका प्रयास आज की युवा पीढ़ी के लिए अनुकरणीय है।

छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और सुंदर रंगोलियां बनाईं। इनमें भगवान बिरसा मुंडा की आकर्षक रंगोली विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

अधिकारियों ने छात्रावास की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

जयंती समारोह के बाद अधिकारियों ने छात्रावास का निरीक्षण किया। इस दौरान परिसर की साफ-सफाई, मेस में बनने वाले भोजन की गुणवत्ता, पेयजल व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया गया।निरीक्षण के दौरान अंतिम बाला शर्मा ने छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई की व्यवस्था, मिलने वाली सुविधाओं और भोजन की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली।

स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश

अंतिम बाला शर्मा ने छात्रावास वार्डन और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि बालिकाओं के स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। ठंड के मौसम को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर छात्रावास की सभी छात्राएं, प्रभारी प्राचार्य नीता बंडोड एवं अधीक्षिका क्रांति हरसोला उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!