खरगोन-बड़वानी

एसपी शुक्ल के निर्देशन में बड़वानी पुलिस के जनसंवाद अभियान को राष्ट्रीय पहचान, ‘आपकी बात-पुलिस के साथ’ स्कॉच अवार्ड के लिए चयनित

जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण और पुलिस-जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की पहल को मिली बड़ी उपलब्धि, 19 दिसंबर को नई दिल्ली में आयोजित होगा सम्मान समारोह।

रमन बोरखड़े। बड़वानी। जिला बड़वानी पुलिस के जनसंवाद अभियान ‘आपकी बात-पुलिस के साथ’ को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित स्कॉच अवार्ड (SKOCH Award) के लिए चयनित किया गया है। आम नागरिकों की समस्याएं सुनने, पुलिस और जनता के बीच संवाद बढ़ाने तथा शिकायतों के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से शुरू किए गए इस नवाचार को यह उपलब्धि मिली है।

24 नवंबर को जारी हुआ आधिकारिक पत्र

पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के चयन की सूचना स्कॉच ग्रुप (SKOCH Group) ने 24 नवंबर 2026 को आधिकारिक पत्र जारी कर दी। यह सम्मान शासन और विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं परिणाम आधारित नवाचारों के लिए स्वतंत्र और विस्तृत मूल्यांकन प्रक्रिया के बाद प्रदान किया जाता है।

19 दिसंबर को नई दिल्ली में होगा समारोह

इस उपलब्धि के लिए 111वें स्कॉच समिट (111th SKOCH Summit) में सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। समिट का मुख्य विषय ‘विकास, समृद्धि और लचीलापन’ (Growth, Prosperity and Resilience) रखा गया है। समारोह शनिवार, 19 दिसंबर 2026 को सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक नई दिल्ली स्थित पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (PHD House), सिरी इंस्टीट्यूशनल एरिया, अगस्त क्रांति मार्ग में आयोजित होगा।

पुलिस और जनता के बीच संवाद बढ़ाने की पहल

पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल की पहल पर शुरू किए गए ‘आपकी बात-पुलिस के साथ’ कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सीधे पहुंचकर आम नागरिकों की समस्याएं सुनना और उनका मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करना है। इस पहल के माध्यम से नागरिकों को निडर होकर पुलिस के समक्ष अपनी बात रखने का अवसर मिल रहा है।

अभियान से अपराध नियंत्रण और सामुदायिक पुलिसिंग (Community Policing) को भी मजबूती मिली है। पुलिस और आमजन के बीच दूरी कम करने तथा जनसमस्याओं के निराकरण के लिए संचालित इस नवाचार को अब राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।

पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों में खुशी

बड़वानी पुलिस के इस अभियान को स्कॉच अवार्ड के लिए चयनित किए जाने पर जिले के पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों में हर्ष का माहौल है। इस उपलब्धि को पुलिस की जनसेवा, पारदर्शिता और संवेदनशील कार्यप्रणाली से जुड़ी महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!