सेंधवा। पांच साल से जर्जर प्राथमिक स्कूल भवन, अब ₹18.25 लाख की लागत से बनेगा नया भवन
सेंधवा विधायक श्री मोंटू सोलंकी ने किया भूमिपूजन, शिक्षा व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल

सेंधवा। सेंधवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पांजरिया चा में जीर्ण-शीर्ण प्राथमिक स्कूल भवन के स्थान पर अब ₹18 लाख 25 हजार रुपये की लागत से नवीन स्कूल भवन का निर्माण किया जाएगा। नवीन भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन मुख्य अतिथि सेंधवा विधायक श्री मोंटू सोलंकी जी के करकमलों द्वारा किया गया।
उल्लेखनीय है कि प्राथमिक विद्यालय का भवन पिछले 5 वर्षों से अधिक समय से जर्जर अवस्था में था। भवन की खराब स्थिति के चलते पिछले लगभग 5 वर्षों से प्राथमिक विद्यालय की कक्षाओं का संचालन माध्यमिक विद्यालय के भवन में किया जा रहा था। लंबे इंतजार के बाद प्राथमिक विद्यालय के लिए नया भवन स्वीकृत हुआ और अब लगभग 5 माह बाद भवन निर्माण का कार्य शुरू हो रहा है।
कार्यालय कलेक्टर (जिला शिक्षा केंद्र), सर्व शिक्षा अभियान जिला बड़वानी द्वारा जारी प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति आदेश क्रमांक 1186/एसएसए/निर्माण/2026, दिनांक 15 जून 2026 के अनुसार राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल के पत्र क्रमांक राशिके/निर्माण-1/2026/1888, दिनांक 18 मार्च 2026 के आधार पर जर्जर स्कूल भवन के स्थान पर नवीन भवन निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई है।
निर्माण कार्य मध्यप्रदेश ग्रामीण यांत्रिकी विभाग की 4 नवंबर 2022 की अद्यतन एसओआर दर अनुसूची एवं ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग बड़वानी के कार्यपालन यंत्री द्वारा जारी तकनीकी स्वीकृति के आधार पर किया जाएगा। निर्माण एजेंसी ग्राम पंचायत रहेगी। आदेश में निर्माण की गुणवत्ता, समय-समय पर भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की जानकारी, निर्माण से पहले एवं बाद के फोटोग्राफ तथा दिव्यांग बच्चों की सुविधा के लिए रैंप एवं रेलिंग जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं के निर्देश भी दिए गए हैं।
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सेंधवा विधायक श्री मोंटू सोलंकी जी ने शिक्षा व्यवस्था की गंभीर समस्या को उठाते हुए कहा कि प्राथमिक विद्यालय का भवन पांच साल से अधिक समय से जर्जर अवस्था में था। लंबे इंतजार के बाद अब नया भवन बनने जा रहा है, लेकिन केवल स्कूल भवन बना देने से शिक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं होगी। इसके लिए पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था करना भी सरकार की जिम्मेदारी है।
विधायक श्री सोलंकी ने कहा कि सेंधवा विधानसभा क्षेत्र में पहले से ही लगभग 160 स्कूल शिक्षकविहीन हैं और 470 शिक्षकों के विषयवार पद रिक्त हैं। यह शिक्षा के क्षेत्र में बेहद गंभीर चिंता का विषय है। जब स्कूलों में शिक्षक ही नहीं होंगे तो बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा कैसे मिलेगी? सरकार को नए भवनों के निर्माण के साथ-साथ शिक्षकों की नियुक्ति और रिक्त पदों की पूर्ति पर भी गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को भी बेहतर शिक्षा का अधिकार है। स्कूल भवन बनाना जरूरी है, लेकिन उसमें पढ़ाने के लिए शिक्षक उपलब्ध कराना उससे भी ज्यादा जरूरी है। सरकार को इस दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि क्षेत्र के बच्चों का भविष्य प्रभावित न हो।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत पांजरिया चा की सरपंच श्रीमती रीतिका खरते, सरपंच प्रतिनिधि श्री मीठाराम खरते, उपसरपंच श्री राजाराम साल्वे, पुजारा गेलसिंग जाधव, जाड़ीया, बियानसिंग साल्वे, ताराचंद खरते, मांगीलाल खरते, मांगीलाल जाधव सहित ग्राम के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
सेंधवा विधायक श्री मोंटू सोलंकी जी ने कहा कि हमारा प्रयास है कि विधानसभा क्षेत्र के हर गांव के बच्चों को बेहतर स्कूल भवन के साथ पर्याप्त शिक्षक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा भी मिले। शिक्षा के अधिकार और बच्चों के भविष्य से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।



