मालवा-निमाड़

आदर्श महाविद्यालय में गरिमामय वातावरण में मनाया गया संविधान दिवस

बड़वानी; जागरूकता युवा संवाद एवं व्याख्यान, प्रश्न मंच एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान के महत्व से कराया अवगत भारतीय संविधान के निर्माण के ऐतिहासिक अवसर पर 26 नवंबर को शासकीय आदर्श महाविद्यालय, बड़वानी में संविधान दिवस उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया।

इस अवसर पर महाविद्यालय में विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई एवं कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के समन्वय से किया गया। कार्यक्रम में संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन, निबंध प्रतियोगिता, पोस्टर प्रतियोगिता एवं प्रश्नमंच जैसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में संवैधानिक जागरूकता विकसित करने का प्रयास किया गया।

इस अवसर पर विभाग के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. बी.एस. मुजाल्दा एवं प्राध्यापक डॉ. ओमना सेनानी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए संविधान दिवस के ऐतिहासिक महत्व, संविधान निर्माण की प्रक्रिया तथा संविधान सभा के योगदान पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा है। इसके निर्माण में भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रारूप समिति के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने संविधान के प्रारूप निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई तथा संविधान सभा ने विचार-विमर्श के बाद 26 नवंबर 1949 को संविधान को अंगीकृत किया।

वक्ताओं ने विद्यार्थियों को संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता के मूल आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा अपने अधिकारों के साथ-साथ नागरिक कर्तव्यों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के प्रभारी प्रो. आर.आर. मुवेल एवं कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारी डॉ. अनिल पाटीदार का विशेष समन्वय एवं सहयोग रहा।

इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. बी.एस. मुजाल्दा, प्रशासनिक अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार पाटीदार, डॉ दिनेश कुमार पाटीदार डॉ गीतांजलि दसौंधी डॉ सुनीता सोलंकी डॉ अंतिमबाला जायसवाल रेवाराम मंडलोई सहित विभिन्न विभागों के प्राध्यापकगण एवं विभिन्न संकायों के बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!