सेंधवा: ग्रामीण पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 51 किलो गांजा जब्त, तस्कर फरार
एबी रोड पर दबिश, वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हुआ चालक

Janoday punch सेंधवा ग्रामीण थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजे की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए अर्टिगा वाहन से 51 किलो गांजा जब्त किया है। कार्रवाई एबी रोड पर की गई, जहां वाहन चालक मौके से फरार हो गया। एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक जगदीश डावर के दिशा-निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बड़वानी धीरज बब्बर तथा एसडीओपी सेंधवा अजय बाघमारे के मार्गदर्शन में 20 जनवरी 2026 को थाना सेंधवा ग्रामीण पुलिस को सूचना मिली कि सफेद अर्टिगा वाहन MP 09 DN 1147 में अवैध गांजा लेकर महाराष्ट्र से इंदौर की ओर जाया जा रहा है।
सूचना के बाद पुलिस टीम ने पंचों के साथ एबी रोड स्थित विकास पेट्रोल पंप के सामने घेराबंदी की। कुछ समय बाद संदिग्ध अर्टिगा वाहन आते दिखा। रोकने का प्रयास करने पर चालक वाहन तेज गति से भगाकर ले गया।

वाहन छोड़कर फरार हुआ चालक
थाना मोबाइल से पीछा करने पर विकास पेट्रोल पंप के सामने चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। पंचों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली गई। वाहन की पिछली सीट से पांच पोटले मिले। जांच में कुल 51 किलोग्राम गांजा पाया गया। पुलिस ने अर्टिगा वाहन, गांजा और अन्य सामग्री जप्त कर चालक के विरुद्ध अपराध क्रमांक 58/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।

कार्रवाई में विशेष भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक ओ.पी. सिंह चोगडे, उप निरीक्षक संजीव पाटिल (सीनियर), उप निरीक्षक रामचंद सांवले, प्रधान आरक्षक रामकिशोर प्रजापति, गजेन्द्र यादव, आरक्षक गिलदार डावर और विनोद पाटीदार की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।



